Noida Grand Omaxe: श्रीकांत त्यागी वाली ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में फिर हंगामा! अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, लोगों ने किया प्रदर्शन

अवैध निर्माण को लेकर ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में नोएडा अथॉरिटी ने सर्वे किया था। इस सर्वे में पता चला था कि 100 के करीब ग्रांउड फ्लोर के फ्लैट्स में अतिक्रमण किया गया है

अपडेटेड Sep 30, 2022 पर 4:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
खबर लिखे जाने तक सोसाइटी के करीब 16 फ्लैट्स के अतिक्रमण को गिरा दिया गया है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-93 में स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, सेक्टर 93-बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में नोएडा अथॉरिटी ने बुलडोजर चलवा दिया है। रेजिडेंट्स के विरोध प्रदर्शन के बावजूद जेसीबी ने सोसाइटी के तकरीबन 16 फ्लैट्स के अतिक्रमण को ढहा दिया गया है। इस दौरान लोगों ने अधिकारियों से अवैध निर्माण न तोड़ने की गुजारिश कीं, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं सुनी।

लाखों रुपये खर्च कर बने अवैध निर्माण को गिरते देख लोग रो पड़े। सोसायटी के गेट पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। नोएडा अथॉरिटी ने ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी के निवासियों को अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जो शुक्रवार सुबह खत्म हो गया। इसके बाद नोएडा अथॉरिटी की टीम बुलडोजर के साथ अवैध निर्माण को गिराने पहुंची, लेकिन इसके विरोध में लोग धरने पर बैठ गए।

ये भी पढ़ें- Sharjeel Imam Bail: देशद्रोह मामले में दिल्ली की अदालत ने शरजील इमाम को दी जमानत, दंगा भड़काने का है आरोप


इतना ही नहीं लोगों ने बुलडोजर को सोसाइटी के अंदर ही नहीं घुसने दिया। लोगों का कहना था कि अधिकारियों की तरफ से उन्हें कोई अधिकृत सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, लोगों का विरोध-प्रदर्शन काम नहीं आया और प्रशासन ने सोसायटी में अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है।

अब तक 16 फ्लैट्स पर हो चुकी है कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, खबर लिखे जाने तक सोसाइटी के करीब 16 फ्लैट्स के अतिक्रमण को गिरा दिया गया है। अवैध निर्माण को लेकर ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में नोएडा अथॉरिटी ने सर्वे किया था। इस सर्वे में पता चला था कि 100 के करीब ग्रांउड फ्लोर के फ्लैट्स में अतिक्रमण किया गया है।

इस दौरान जहां-जहां लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था उस जगह को चिन्हित कर नोटिस दिया गया था। अथॉरिटी की तरफ से श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु और इन लोगों को गुरुवार शाम तक कब्जा हटाने का समय दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर अथॉरिटी शुक्रवार से अतिक्रमण हटाना शुरू कर देगा।

श्रीकांत त्यागी से जुड़ा है मामला

बुधवार को नोएडा अथॉरिटी के नियोजन विभाग और वर्क सर्किल के अधिकारी सोसाइटी में पहुंचे और लोगों के मकानों के नक्शे से मिलान करवाने के बाद अतिक्रमण की पुष्टि की। अथॉरिटी ने गुरुवार तक सभी लोगों को अतिक्रमण हटाने को कहा था। वहीं, श्रीकांत त्यागी की पत्नी अनु त्यागी के समर्थन में सोसाइटी के बाहर बुधवार को दिनभर त्यागी समाज का धरना प्रदर्शन चला। बुधवार शाम को धरना समाप्त हो गया।

आपको बता दें कि नोएडा अथॉरिटी सेक्टर 93-B स्थित ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में सार्वजनिक स्थान पर पेड़ पौधे लगाने को लेकर सोसायटी में रहने वाली एक महिला और तथाकथित भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता श्रीकांत त्यागी के बीच अगस्त महीने में विवाद हो गया था। इस विवाद ने काफी तूल पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी श्रीकांत त्यागी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की। श्रीकांत त्यागी फिलहाल में जेल में बंद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।