Get App

Nuh Violence: हरियाणा के नूंह में बुलडोजर एक्शन पर हाईकोर्ट ने लगाया ब्रेक, अदालत ने स्वत: लिया संज्ञान

Nuh Violence: हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद से जारी बुलडोजर की कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए ये आदेश जारी किया। नूंह हिंसा के दौरान जिन इमारतों से पत्थर चले थे, उनसे जुड़े अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई हो रही थी। ये कार्रवाई सीधे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आदेश पर हो रही थी

Akhileshअपडेटेड Aug 07, 2023 पर 2:10 PM
Nuh Violence: हरियाणा के नूंह में बुलडोजर एक्शन पर हाईकोर्ट ने लगाया ब्रेक, अदालत ने स्वत: लिया संज्ञान
Nuh Violence Updates: नूंह में अब तक 37 जगहों पर 57.5 एकड़ जमीन से अवैध निर्माण हटा दिए गए हैं

हरियाणा के नूंह (Nuh Violence Updates) जिले में 31 जुलाई को हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद से जारी बुलडोजर की कार्रवाई पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट (Punjab and Haryana High Court) ने सोमवार (7 अगस्त) को इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए ये आदेश जारी किया। नूंह हिंसा के दौरान जिन इमारतों से पत्थर चले थे, उनसे जुड़े अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई हो रही थी। जिला प्रशासन के मुताबिक ये कार्रवाई सीधे हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आदेश पर हो रही थी। नूंह में अवैध निर्माणों पर प्रशासन की कार्रवाई सोमवार सुबह भी लगातार जारी थी। लेकिन अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद बुलडोजर एक्शन पर ब्रेक लग गई है।

हरियाणा की बीजेपी सरकार ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई को रोक दिया है। दरअसल, मनोहर लाल सरकार की तरफ से नूंह में लगातार हिंसा में शामिल आरोपियों के घर और दुकानों को गिराया जा रहा था। नूंह के उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध निर्माण पर कार्रवाई रोकने के आदेश दिए हैं। हालांकि, अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद फिलहाल कार्रवाई को रोक दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, नूंह में अब तक 37 जगहों पर 57.5 एकड़ जमीन से अवैध निर्माण हटा दिए गए हैं।

होटल को ढहाया गया

हरियाणा के अधिकारियों ने हिंसा प्रभावित नूंह जिले में एक होटल-कम-रेस्तरां सहित उन कई अवैध ढांचों को रविवार को ढहा दिया, जहां से पिछले सप्ताह की शुरुआत में झड़पों के दौरान एक धार्मिक यात्रा पर कथित तौर पर पथराव किया गया था। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि यह नूंह में ध्वस्तीकरण अभियान का चौथा दिन है। उन्होंने बताया कि नल्हड़ रोड चौक के पास तीन मंजिला सहारा होटल को ध्वस्त किए जाने के अलावा एक रेस्तरां और टाइल के शोरूम को भी तोड़ा गया।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें