घातक हुआ कोरोना, फेफड़ा, पेट, दिल, किडनी समेत इन अंगों को पहुंचा रहा है नुकसान

कोरोना संक्रमित मरीजों में जिस तरह के लक्षण सामने आ रहे हैं। उससे यही पता चलता है कि यह सिर्फ एक सांस की बीमारी नहीं रह गई है। यह वायरस फेफड़ा, किडनी, पेट, आंत, दिल, दिमाग तक को नहीं छोड़ रहा है

अपडेटेड Jun 03, 2022 पर 9:56 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कोरोना वायरस शरीर के कई अंगों पर हमला कर रहा है। ऐसे में इससे सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

कोरोना वायरस महामारी से पूरी दुनिया के हालात पस्त हैं। यह एक ऐसी महामरी है जो खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। भारत में भी कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में फिर से दिनों दिन बढ़ोतरी जारी है। तीन लहरों की मार झेल चुके भारत में चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है। चौथी लहर में ओमीक्रोन के सब वेरिएंट BA.4 और BA.5 घातक साबित हो रहा है। इसी वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या देश में बढ़ती जा रही है।

फिलहाल कोरोना के मरीजों में जिस तरह के लक्षण सामने आ रहे हैं। उससे यही पता चलता है कि यह सिर्फ एक सांस की बीमारी नहीं रह गई है। यह वायरस फेफड़ा, किडनी, पेट, आंत, दिल, दिमाग तक को नहीं छोड़ रहा है। ऐसे में एक्सपर्ट्स का कहना है कि शरीर के किसी भी अंग से जुड़े लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

दिल पर हमला कर रहा है कोरोना


टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, कोरोना वायरस दिल में एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम, कंजेस्टिव हार्ट फेल्योर, मायोकार्डिटिस और एरिथमिया पैदा कर सकता है। महामारी होने के बाद से कई मामले सामने आए हैं। जिन लोगों को पहले से ही दिल की समस्या है। उन्हें बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। दिल की समस्याओं के सामान्य लक्षण सीने में जकड़न, ठंडा पसीना, सांस लेने में तकलीफ, अनियमित दिल की धड़कन और बाहों, गर्दन और जबड़े में परेशानी हो सकती है।

किडनी को नुकसान पहुंचा रहा है कोरोना

कोरोना से पीड़ित लोगों में किडनी खराब होने के लक्षण भी नजर आ सकते हैं। स्टडी के मुताबिक, कोरोना से पीड़ित 30 फीसीद से ज्यादा मरीज किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं। बता दें कि किडनी में रिसेप्टर कोशिकाएं होती हैं। जिससे शरीर में कोरोना की एंट्री बेहद आसान हो जाती है। खून में ऑक्सीजन का स्तर कम होने से किडनी पर असर पड़ता है। कोरोना के चलते किडनी खराब होने पर अनियमित पेशाब, टखनों और पैरों में सूजन, आंखों के आसपास सूजन, सांस की तकलीफ, थकान, दौरे जैसे सामान्य लक्षण नजर आने लगते हैं।

Monkeypox Virus: क्या मंकीपॉक्स का प्रकोप बन सकता है एक नई महामारी? जानिए WHO ने क्या दिया इसका जवाब

फेफड़े को डैमेज कर रहा है कोरोना

कोरोना वायरस शुरू से ही फेफड़ों पर हमला कर रहा है। यह सांस लेने के लिए शरीर के अंगों को संक्रमित करता है। लिहाजा फेफड़ों को डैमेज होना आम है। इसकी वजह से फेफड़ों में बहुत सारा मलबा और तरल पदार्थ जमा हो जाता है। यह फेफड़ों में हवा की थैली की दीवारों और अस्तर पर हमला करता है और उन्हें नुकसान पहुंचाता है। इससे सूजन हो जाती है। इसके सामान्य लक्षण अत्यधिक थूक उत्पादन, खांसी, छाती में जमाव और सांस लेने में परेशानी होती है।

पेट और आंत को भी नहीं छोड़ रहा कोरोना

एक स्टडी के मुताबिक, 50 फीसदी से अधिक कोरोना संक्रमित लोग कम से कम एक गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल लक्षण का अनुभव जरूर करते हैं। दस्त इसका एक बहुत ही सामान्य पाचन लक्षण है। बिना किसी अन्य कारण के अचानक पेट में दर्द, मतली और उल्टी भी हो सकती है। कोरोना का एक और दुर्लभ लक्षण जो पाचन तंत्र से जुड़ा है वो गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ब्लीडिंग है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।