Omicron: महाराष्ट्र के इस जिले में विदेश से आए 100 से ज्यादा लोग हुए लापता, फोन बंद कर हुए गायब

विदेश से आए कई लोगों के फोन नंबर स्विच ऑफ आ रहे हैं और कई लोगों के पते पर ताला लगा मिला है

अपडेटेड Dec 07, 2021 पर 12:44 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
महाराष्ट्र में ओमीक्रोन का बढ़ा खतरा

Omicron: देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन (Omicron) का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। देश में ओमीक्रोन संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। देश में ओमीक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र में विदेश से आए हुए 100 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर सामने आई है। एक अधिकारी ने बताया कि ओमीक्रोन के डर के बीच महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हाल ही में विदेश से आए 100 से अधिक लोगों के बारे में पता नहीं चल पाया है।

कल्याण डोम्बिवली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (Kalyan Dombivali Municipal Corporation - KMDC) के चीफ विजय सूर्यवंशी (Vijay Suryavanshi) ने कहा कि विदेश से ठाणे जिले में आए 295 विदेशी यात्रियों में से 109 यात्रियों का कुछ भी पता नहीं है। सूर्यवंशी ने आगे कहा कि इन लोगों में से कुछ का मोबाइल फोन बंद जा रहा है। इतना ही नहीं विदेश से आए जिन यात्रियों ने अपना पता दिया था, वहां अब ताला लगा हुआ है।

गाइडलाइंस के मुताबिक, मौजूदा समय में जोखिम देशों से आने वाले यात्रियों को 7 दिन होम क्वारंटीन में रहना होता है। आठवें दिन उनका कोरोना टेस्ट किया जाता है। इतना ही नहीं अगर रिपोर्ट नेगेटिव आती है तो उन्हें 7 दिन और होम क्वारंटीन में गुजारना होता है। सोसायटी को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। किसी भी प्रकार के नियमों का उल्लंघन न हो।

Omicron: क्या ओमीक्रोन को लेकर दिल्ली में लगेगा लॉकडाउन, स्वास्थ्य मंत्री ने दिया यह जवाब


बता दें कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। राज्य में पहला मामला डोंबिवली में सामने आया था। इसके बाद पुणे में ओमीक्रोन से संक्रमित मरीज सामने आए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।