भारत में इस महीने के आखिर में एक आंशिक चंद्रगहण दिखाई पड़ेगा। इस महीने 28 और 29 अक्टूबर को आंशिक चंद्र ग्रहण लगेगा, जो आधी रात के आसपास पूरे देश में दिखाई देगा। इससे पहले इस महीने 14 अक्टूबर को एक आशंकि सूर्य ग्रहण की घटना दिखाई दी थी। हालांकि यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं दिया था। जबकि इस महीने 28 और 29 अक्टूबर को आंशिक चंद्रगहण लगेगा वह पश्चिम प्रशांत क्षेत्र को कवर करने वाले कई देशों जैसे एशिया, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, यूरोप, उत्तर-पूर्वी उत्तरी अमेरिका, पूर्वी दक्षिण अमेरिका, दक्षिण प्रशांत महासागर और हिंद महासागर में दिखाई देगा। वहीं इससे पहले 5 मई को भी एक चंद्रग्रहण की घटना हुई थी।
कहां और कैसे देख पाएंगे चंद्र ग्रहण की यह घटना
डीडी न्यूज से मिली खबर के मुताबिक इस महीने 28 और 29 अक्टूबर को लगने वाला आंशिक चंद्रग्रहण 28 अक्टूबर को रात 11:31 बजे शुरू होगा और 29 अक्टूबर को सुबह 3:36 बजे समाप्त होगा। नई दिल्ली में रहने वालों के लिए ग्रहण आकाश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से से दिखाई देगा। रात 1:06 बजे से 2:23 बजे के बीच चंद्रमा पृथ्वी की छाया से गुजरेगा। इससे पहले 5 मई के चंद्रग्रहण की घटना देखने को मिली थी। 29 और 29 अक्टूबर को लगने वाला आंशिक चंद्रग्रहण 5 मई को देखे गए उपछाया ग्रहण के बाद देखा जाने वाला दूसरा चंद्र ग्रहण होगा। भारत में दिखाई देने वाला आखिरी पूर्ण चंद्र ग्रहण 8 नवंबर, 2022 को हुआ था।
चंद्र ग्रहण के दौरान क्या होता है?
चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है जिससे ग्रह की छाया चंद्रमा की सतह पर पड़ती है। आंशिक ग्रहण और पूर्ण ग्रहण के बीच अंतर यह है कि पूर्व ग्रहण में, चंद्रमा का एक भाग काला दिखाई देता है, जबकि बाद में चंद्रमा लाल हो जाता है। प्रेस सूचना ब्यूरो के अनुसार, भारत में अगला चंद्र ग्रहण 7 सितंबर 2025 को दिखाई देगा और यह पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा।