Rainfall Alert: गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए IMD की गुड न्यूज, इन राज्यों में 2 जुलाई तक होगी झमाझम बारिश

उत्तर-पश्चिमी भारत में सर्वाधिक तापमान राजस्थान के फलोदी में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। दिल्लीवाली 40.9 डिग्री सेल्सियस तक तापमान का सामना कर रहे हैं

अपडेटेड Jun 28, 2022 पर 5:11 PM
गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है

Rainfall Alert: गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है। भीषण गर्मी से परेशान उत्तर-पश्चिमी भारत के लोगों को अगले दो दिन के दौरान राहत मिल सकती है, क्योंकि इस क्षेत्र में मानसून के पहुंचने की स्थिति बन रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 30 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। एक जुलाई को भी हल्की बारिश का अनुमान है तथा दो जुलाई को बेहद हल्की बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- Assam Flood: असम में आई बाढ़ से 22 लाख लोग प्रभावित, सिलचर में स्थिति बेहद गंभीर, कई इलाके पानी में डूबे


इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा कि जिन क्षेत्रों की ओर मानसून के बढ़ने की संभावना है, उनमें अरब सागर और गुजरात के बचे हुए हिस्से, राजस्थान के कुछ हिस्से, मध्य प्रदेश के शेष भाग, पूरा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ भाग तथा दिल्ली शामिल है। इन क्षेत्रों में 30 जून से एक जुलाई के बीच 48 घंटे के दौरान बारिश होने की संभावना है।

बारिश की भविष्यवाणी

- IMD के मुताबिक, 29-30 जून को हिमाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में 28 और 29 को भारी बारिश की संभावना है। 30 तारीख को पश्चिमी यूपी, 29 से 30 जून के दौरान पूर्वी यूपी, जबकि 30 जून और 1 जुलाई को पूर्वी राजस्थान में बारिश होगी।

- 29 तारीख को मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश होगी। 28-30 जून के दौरान छत्तीसगढ़ और विदर्भ में बारिश होगी। 30 जून और 02 जुलाई के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में और एक जुलाई को पूर्व मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।

- 29 जून से 2 जुलाई के दौरान ओडिशा में भारी बारिश की संभावना है। 29 और 30 तारीख को झारखंड में, 30 जून को बिहार में, 29 जून को गंगीय पश्चिम बंगाल में, 28 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में और सिक्किम में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

- 28 जून को बिहार एवं 29 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश की संभावना है।

- अगले 5 दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में व्यापक बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। 30 जून से 2 जुलाई के दौरान गुजरात के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होगी।

- दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना अगले 3 दिनों के दौरान बारिश होगी।

- अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट से भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

- अरुणाचल प्रदेश में 28 जून को, असम और मेघालय में 28 एवं 29 जून को भारी बारिश होने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।