राजस्थान में बीते 24 घंटे में अनेक जगहों पर भारी बारिश हुई है। अचानक भारी बारिश से जोधपुर (Jodhpur) शहर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जोधपुर में भारी बारिश की वजह से सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ है। शहर में एक कार के पानी के बहाव के साथ बहने का वीडियो सामने आया है। इसके अलावा राज्य के अन्य कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान के जोधपुर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ जिलों में भारी बारिश ने मंगलवार को बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। शहर की सड़कें और रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए। जोधपुर में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में चार बच्चे डूब गए। इसके अलावा, जयपुर में पिछले दो दिनों में भारी बारिश के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, 28-29 जुलाई से राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
राजस्थान के अलावा भारी बारिश के बाद तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कई इलाकों में सड़कें नदी में तब्दील हो गईं। कई अपार्टमेंट में पानी भर गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। IMD ने पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना जताई है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
इस बीच, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण, गोवा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु में गरज के साथ व्यापक बारिश होने की संभावना है। ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल, माहे और लक्षद्वीप में गरज के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान है।
बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रद्द
खराब मौसम के कारण पंचतरणी और पवित्र गुफा के बीच अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक पवित्र गुफा मंदिर के आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में मंगलवार दोपहर बाद भारी बारिश हुई, जिससे पास की एक छोटी नदी में जलस्तर बढ़ गया। अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ तीर्थ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मंगलवार को अचानक बाढ़ आ गई।
सुरक्षा बलों ने 4,000 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण तीर्थयात्रियों को वापस पंचतरणी शिविर में ले जाया गया। भारी बारिश के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम ठीक होने के साथ ही यात्रा पुन: शुरू कर दी जाएगी।