Rajasthan Accident: राजस्थान के धौलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 8 बच्चों समेत 12 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक

Rajasthan Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार (19 अक्टूबर) देर रात बस और टेंपो की टक्कर में आठ बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। बाड़ी थाने के एसएचओ शिवलहरी मीना ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ग्वालियर से जयपुर जा रही तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने सुमीपुर के पास टेंपो को टक्कर मार दी

अपडेटेड Oct 20, 2024 पर 3:00 PM
Rajasthan Accident: राजस्थान के धौलपुर में बस और टेम्पो के बीच भीषण टक्कर में 8 बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई

Rajasthan Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले में एक बस ने एक टेंपो को टक्कर मार दी जिससे आठ बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा सुनीपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब एक स्लीपर कोच बस और टेम्पो के बीच भीषण टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार (19 अक्टूबर) देर रात बाड़ी थाना क्षेत्र में सुन्नीपुर के पास हुई जब ग्वालियर से जयपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने टेंपो को टक्कर मार दी। थाना प्रभारी शिवलहरी मीणा ने बताया कि इससे टेंपो में सवार एक कपल और आठ बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि टेंपों में सवार तीन परिवार के ये लोग एक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान इरफान उर्फ बंटी (38), जूली (34), आसमा (14), सलमान (8), साकिर (6), सानिफ (9), अजान (5), जरीना (35), आसियाना (10), सूफी (7), परवीन (32) और दानिश (10) के रूप में हुई है।

मीणा ने बताया कि हादसे में घायल साजिद (10) को इलाज के लिए धौलपुर से आगरा भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे और मामले में जांच की जा रही है।


पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (20 अक्टूबर) को राजस्थान के धौलपुर में एक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने X पर एक पोस्ट में कहा, "राजस्थान के धौलपुर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें मासूम बच्चों सहित जान गंवाने वालों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने भारत में 36 साल बाद जीता टेस्ट, रोहित शर्मा बोले, 'हालात को भांपने में गलती हुई'

पीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है। पीएमओ ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने इस घटना के पीड़ितों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की। पीएमओ ने कहा, "प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।