Get App

VIDEO: जब पीयूष गोयल ने रतन टाटा को परोसा था इडली-डोसा, याद कर रोने लगे केंद्रीय मंत्री

Ratan Tata Death News Updates: पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे दिग्गज भारतीय उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा का बुधवार (9 अक्टूबर) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। वह मार्च 1991 से 28 दिसंबर 2012 तक टाटा समूह के अध्यक्ष रहे

Akhileshअपडेटेड Oct 10, 2024 पर 3:04 PM
VIDEO: जब पीयूष गोयल ने रतन टाटा को परोसा था इडली-डोसा, याद कर रोने लगे केंद्रीय मंत्री
Ratan Tata Death News Updates: रतन टाटा का बुधवार रात 86 साल की उम्र में निधन हो गया

Ratan Tata Death News Updates: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मशहूर उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए भावुक हो गए। पीयूष गोयल ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दूरदर्शी उद्योगपति एक सच्चे 'राष्ट्रवादी' थे। गोयल ने X पर पोस्ट किया, "सच्चे राष्ट्रवादी और दूरदर्शी उद्योगपति रतन टाटा जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं, जिन्होंने टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और अपनी असाधारण उपलब्धियों के माध्यम से भारत को अपार गौरव दिलाया।" मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए गुरुवार को राज्य में एक दिवसीय शोक की घोषणा की है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल गुरुवार (10 अक्टूबर) को रतन टाटा के साथ अपनी यादें ताजा करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, "मुझे याद है कि जब वे (रतन टाटा) एक बार मुंबई में नाश्ते के लिए घर आए थे। तो हमने केवल एक साधारण इडली, सांभर, डोसा परोसा था। लेकिन उन्होंने बहुत सराहना की। उनके पास दुनिया के सबसे बेहतरीन रसोइये होंगे। लेकिन उन्होंने उस साधारण नाश्ते की बहुत सराहना की।"

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "वे नाश्ता परोसने वाले के प्रति बहुत दयालु थे और जब वे घर से जा रहे थे, तो उन्होंने बहुत ही खूबसूरत दो घंटे बिताने के बाद मेरी पत्नी से बहुत प्यार से पूछा- क्या आप मेरे साथ एक तस्वीर लेना चाहेंगी? हम वास्तव में ऐसा करना चाहते थे, लेकिन पूछने में शर्म आ रही थी। उन्होंने हमें यह पेशकश की और यही छोटे-छोटे विचारशील चीजे हैं जो उस व्यक्ति को रतन टाटा बनाती हैं जिन्हें 140 करोड़ भारतीय और पूरी दुनिया प्यार करती है।"

रतन टाटा का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक दक्षिण मुंबई में नरीमन प्वाइंट स्थित नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। उनका अंतिम संस्कार आज शाम में मुंबई के वर्ली इलाके में किया जाएगा। बता दें कि रतन टाटा पारसी समुदाय से थे। लेकिन उनका अंतिम संस्कार पारसी रीति रिवाजों से नहीं होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, रतन टाटा का अंतिम संस्कार मुंबई के वर्ली स्थित इलेक्ट्रिक अग्निदाह में होगा।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें