Ratan Tata Death News Updates: पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे दिग्गज भारतीय उद्योगपति और टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन नवल टाटा का बुधवार (9 अक्टूबर) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। वह मार्च 1991 से 28 दिसंबर 2012 तक टाटा समूह के अध्यक्ष रहे। उसके बाद 2016-2017 तक एक बार फिर उन्होंने समूह की कमान संभाली। उसके बाद से वह समूह के मानद चेयरमैन की भूमिका में आ गए थे। उनका जन्म 28 दिसंबर 1937 को हुआ था। उन्होंने अपने कार्यकाल में टाटा समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और उदारीकरण के दौर में समूह को उसके हिसाब से ढाला।
दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का पार्थिव शरीर राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा हुआ गुरुवार (10 अक्टूबर) को उनके निवास से दक्षिण मुंबई स्थित नेशनल सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स (NCPA) ले जाया गया। इस दौरान टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए नेताओं और अन्य गणमान्य लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सफेद फूलों से सजी शवयात्रा के पीछे पुलिस बैंड तुरही और ढोल की धुनों के साथ अंतिम संस्कार की रस्में निभा रहा था।
सोशल मीडिया पर वीडियो में मुस्कुराते हुए रतन टाटा की तस्वीर दिखाई गई, जो गंभीर चेहरों के बीच उन्हें भावुक विदाई दे रहे थे। एक वीडियो में रतन टाटा के पार्थिव शरीर को एनसीपीए लॉन्स ले जाते हुए दिखाया गया। रतन टाटा का बुधवार रात 86 साल की उम्र में निधन हो गया। समाचार एजेंसी ANI ने टाटा ट्रस्ट के बयान के हवाले से बताया कि गुरुवार शाम 4 बजे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा पर ले जाया जाएगा।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे, मुंबई पुलिस कमिश्नर विवेक फनसालकर, महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत, आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास सहित कई अन्य लोग एनसीपीए लॉन्स पहुंचे। जबकि कार्यक्रम स्थल राजनीतिक नेताओं, मीडियाकर्मियों और भारी पुलिस बल से भरा हुआ है। देश भर से दूरदर्शी उद्योगपति को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें "एक दूरदर्शी कारोबारी नेता, दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान" बताया।
अमित शाह अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उद्योगपति रतन टाटा के अंतिम संस्कार में गुरुवार को शामिल होंगे। सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से शाह रतन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आसियान-भारत और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए लाओस जाने के कारण गृह मंत्री मुंबई में उद्योगपति के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक दूरदर्शी कारोबारी नेता और असाधारण व्यक्ति बताया था।
पीएम मोदी ने X पर कहा, "श्री रतन टाटाजी का सबसे अनूठा पहलू बड़े सपने देखना और दूसरों को कुछ देने के प्रति उनका जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे मुद्दों को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहे थे।" केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज एवं टाटा ग्रुप के मानद अध्यक्ष के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक जताया और कहा कि उन्होंने समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी है।
सीतारमण ने X पर पोस्ट किया, "श्री रतन टाटा के निधन से दुःखी हूं। वह एक उत्कृष्ट नेता, दूरदर्शी उद्योगपति और परोपकारी व्यक्ति थे, जिनके योगदान ने हमारे समाज पर अमिट छाप छोड़ी है।" उन्होंने कहा कि इनोवेशन, व्यवसाय में भी नैतिकता का पालन करने वाले और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति उनके गहरे संकल्प ने उद्योगों को बदल दिया और उन्होंने समुदायों के उत्थान का काम किया।
वित्त मंत्री ने कहा, "मैं उनके परिवार, मित्रों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं, जिनके जीवन को उन्होंने संवारा। उनकी उल्लेखनीय विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।" वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दूरदर्शी उद्योगपति एक सच्चे 'राष्ट्रवादी' थे।
गोयल ने X पर पोस्ट किया, "सच्चे राष्ट्रवादी और दूरदर्शी उद्योगपति रतन टाटा जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं, जिन्होंने टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और अपनी असाधारण उपलब्धियों के माध्यम से भारत को अपार गौरव दिलाया।"