'जेल से बाहर निकलकर सबको देख लूंगा', तिहाड़ में बंद सत्येंद्र जैन ने अधिकारियों को दी धमकी, शिकायत दर्ज

सत्येंद्र जैन ने जेल अधिकारियों को धमकी दी है कि बाहर निकलकर सबको देख लूंगा। जैन ने उनके खिलाफ कुछ भी करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने इस संबंध में डायरेक्टर जनरल (तिहाड़ जेल) को शिकायत दी है

अपडेटेड Jan 05, 2023 पर 5:56 PM
Story continues below Advertisement
Satyendra Jain: तिहाड़ जेल के शीर्ष अधिकारियों ने सत्येंद्र जैन पर उन्हें धमकी देने और डराने का आरोप लगाया है

मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली के तिहाड़ जेल (Tihar Jail) में बंद आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) पर जेल के शीर्ष अधिकारियों ने धमकी देने और डराने के आरोप लगाया है। सत्येंद्र जैन ने जेल अधिकारियों को धमकी दी है कि बाहर निकलकर सबको देख लूंगा। जैन ने जेल अधिकारियों को कथित तौर पर गाली देते हुए उनके खिलाफ कुछ भी करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि अधिकारियों ने इस संबंध में डायरेक्टर जनरल (तिहाड़ जेल) को शिकायत दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेल अधिकारियों ने तिहाड़ के DG से मंत्री के खिलाफ शिकायत की है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा है कि जैन उनके साथ जेल में जेल में दुर्व्यवहार कर रहे हैं और उन्हें जेल से बाहर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, जैन ने अधिकारियों को धमकी देते हुए कहा, “मुझे पता है कि ये सब मोटे ने करवाया है, जो लॉ ऑफिसर है। मैं बहार निकालने के बाद इस जेल से CCTV फुटेज मांगूंगा और इस SCJ-7 राजेश चौधरी को बाहर निकलने के बाद देख लूंगा और इसे नौकरी करना सिखाऊंगा।"


प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पिछले साल गिरफ्तार किए गए जैन तब से जेल में हैं। पिछले दिनों जेल में मालिश कराते और विजिटर्स से मिलने के उनके कथित वीडियो ने काफी विवाद खड़ा किया था। इस दौरान विपक्ष ने उन्हें मंत्रिमंडल से हटाए जाने की भी मांग की थी।

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि तिहाड़ जेल के अतिरिक्त महानिरीक्षक (Additional Inspector General), जेल संख्या-7 (SCJ-7) के अधीक्षक, उपाधीक्षक, सहायक अधीक्षक और लॉ अधिकारी ने DG (जेल) को शिकायत दी कि जैन ने उन्हें अपशब्द बोले हैं और जेल से बाहर निकलने के बाद अंजाम भुगतने की धमकी दी हैं।

ये भी पढ़ें- Assembly Elections 2023: इस साल 9 राज्यों में होंगे विधानसभा चुनाव, 2024 लोकसभा इलेक्शन से पहले का होगा ‘सेमी फाइनल’ मुकाबला

एक सूत्र ने बताया कि जैन इन अधिकारियों एवं अन्य को खुलेआम धमकाते रहे हैं जो उन्हें मालिश कराने, बाहर का खाना खाने और अन्य विशेष सुविधाएं लेने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि दो अधिकारियों ने 8 दिसंबर 2022 को हुई एक घटना के संबंध में जैन के खिलाफ शिकायत दी है।

उन्होंने दावा किया कि जब वे DPR, 2018 के नियम 1,272 के अनुसार जैन को कारण बताओ नोटिस देने गए तो जैन ने धमकाया। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी या दिल्ली सरकार की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।