SCO Summit 2022: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी SCO सम्मेलन में शामिल होने के लिए उज्बेकिस्तान में मौजूद हैं। अब पुतिन का बैठक से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में पुतिन को किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापरोव का इंतजार करते हुए देखा जा सकता है।
दोनों नेताओं के बीच समरकंद में SCO शिखर सम्मेलन से अलग ये बैठक होनी थी। अब कोई सोशल मीडिया यूजर्स ने किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापरोव पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का अपमान करने का आरोप लगाया है। साथ ही इंटरनेट पर कई लोगों ने इस पर नाराजगी भी जताई है।
वीडियो को यूक्रेन के एक अधिकारी एंटोन गेराशचेंको ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर किया था। उन्होंने लिखा, “पुतिन को फिर से सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।"
एंटोन ने आगे लिखा, "पहले क्रेमलिन प्रमुख दुनिया के नेताओं को अपना इंतजार कराते थे। अब किर्गिस्तान के राष्ट्रपति ने पुतिन को मुलाकात के लिए इंतजार कराया है।"
रिया क्रेमलिन पूल की तरफ से शूट किए गए एक वीडियो में, व्लादिमीर पुतिन को लगभग 30 सेकंड पहले मौके पर पहुंचते देखा गया था। फिर वह खड़े होकर किर्गिस्तान के राष्ट्रपति का इंतजार करते रहे।
इस दौरान पुतिन को थोड़ा सा अजीब महसूस करते हुए भी देखा जा सकता है। इसके आखिर में, किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापरोव पहुंचे और रूसी राष्ट्रपति का अभिवादन किया।
रूसी राष्ट्रपति के अपमान पर उनका मजाक उड़ाने के लिए कई लोगों ने पोस्ट पर टिप्पणी की। कुछ ने इस घटना पर कहा, 'अब पुतिन के इंतजार करने का वक्त है।'
एक और यूजर ने टिप्पणी की, “ओह बॉय। जब किर्गिस्तान के राष्ट्रपति आपको इंतजार करवाते हैं, तो समझिए की चीजें ठीक नहीं चल रही हैं।"
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब पुतिन को किसी बैठक में इंतजार कराया गया हो। जुलाई में तेहरान बातचीत से पहले अपने तुर्की समकक्ष रेसेप तईप एर्दोआन के देरी से आने के कारण, व्लादिमीर पुतिन 50 सेकंड के लिए मीडिया के सामने खड़े रहे थे।