नोएडा: महिला से बदतमीजी करने वाले श्रीकांत त्यागी गिरफ्तार, गालीबाज नेता पर 25000 रुपए का था इनाम

इससे पहले सोमवार को सोसायटी की महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी द्वारा उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित उनके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया था

अपडेटेड Aug 09, 2022 पर 11:47 AM
Story continues below Advertisement
बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ के पास से गिरफ्तार किया गया है

नोएडा के ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में एक महिला से बदतमीजी करने वाले गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि त्यागी को मेरठ के पास से गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले सोमवार को सोसायटी की महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी द्वारा उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित उनके आवास के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया था।

इसके साथ ही उस पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। एक बयान में कहा गया था कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 पर नामजद अभियुक्त श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। महिला के साथ गालीगलौच और अभद्रता करने वाला श्रीकांत त्यागी पिछले चार दिनों से फरार था।

ये भी पढ़ें- अरुणाचल प्रदेश: भारत-म्यांमार सीमा के पास असम राइफल्स पर आतंकी हमला, 1 जवान घायल


एक अधिकारी ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार सुबह लगभग 9 बजे शहर के सेक्टर-93B स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में त्यागी के ग्राउंड फ्लोर वाले अपार्टमेंट के बाहर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जब उसके अवैध अतिक्रमण पर नोएडा प्रशासन का हथौड़ा चल रहा था, तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाते हुए योगी जिंदाबाद के नारे लगाए।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नेता होने का दावा करने वाले त्यागी के खिलाफ ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी की एक महिला के साथ अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, बीजेपी ने श्रीकांत त्यागी से दूरी बना ली है। बीजेपी का दावा है कि त्यागी भगवा पार्टी का नेता नहीं है।

श्रीकांत की कई तस्वीरें वायरल कर विपक्षी पार्टियां दावा कर रही हैं कि वह बीजेपी नेता है। हालांकि बीजेपी ने उससे पल्ला झाड़ लिया है। बीजेपी की स्थानीय ईकाई ने साफ कहा है कि श्रीकांत का पार्टी से कोई नाता नहीं है। पुलिस कमिश्नर के मीडिया प्रभारी ने बताया कि त्यागी के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि एक महिला ने त्यागी द्वारा सोसाइटी के साझा क्षेत्र में पौधे लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिससे वह भड़क उठा था। श्रीकांत त्यागी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह एक महिला के साथ बहस करते दिख रहा है। क्लिप में वह महिला के साथ अभद्र भाषा में बात करते दिख रहा है।

इतना ही नहीं महिला जब उसकी हरकत पर विरोध जताती है तो वह उसके पति के लिए भी अपशब्द कहते हुए सुनाई दे रहा है। नोएडा पुलिस ने बताया कि श्रीकांत त्यागी का पता लगाने के लिए 12 टीमों का गठन किया गया है। सूत्रों ने बताया कि उसकी तलाश में अब तक करीब 50 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।