Smartphones Banned: महाराष्ट्र के यवतमाल जिले (Maharashtra Yavatmal District) में स्थित एक गांव में अब 18 साल से कम उम्र के छात्र मोबाइल फोन (Mobile Phone) का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। जी हां, रिपोर्ट के मुताबिक यवतमाल जिले के पुसाद तालुका (Pusad Taluka) में स्थित बंसी के ग्रामीणों ने 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर बैन लगा दिया है। खबरों के मुताबिक, यह फैसला हाल ही में ग्राम सभा की एक अहम बैठक में लिया गया।
Latestly.com की रिपोर्ट के अनुसार, यवतमाल के पुसाद तालुका में बंसी ग्राम पंचायत ने 18 साल से कम उम्र के किशोरों के लिए मोबाइल फोन के उपयोग पर बैन लगाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय इसलिए लिया गया, क्योंकि बच्चे गेम देखने और खराब साइटों पर जाने के आदी हो गए थे। इसे ग्रामीणों द्वारा स्मार्टफोन के साइड इफेक्ट के रूप में देखा जा रहा है।
पंचायत के इस फैसले को ग्रामीण बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए एक नेक सोच के रूप में देख रहे हैं। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि बंसी गांव के बच्चे मोबाइल फोन के आदी हो गए थे। ऐसे में बच्चों को सोशल मीडिया की लत से बचाने के लिए बांसी ग्राम पंचायत ने मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर बैन लगाने का फैसला लिया। इस फैसले को बच्चों पर मोबाइल फोन के प्रतिकूल प्रभाव को रोकने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
हाल ही में 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए मोबाइल फोन पर बैन लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। ग्राम सभा ने बच्चों के लिए मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के अलावा कुछ अन्य अहम फैसले भी लिए। ग्राम सभा ने 100 फीसदी टैक्स देने वाले नागरिकों के लिए प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना लागू करने का निर्णय लिया। साथ ही बेसहारा लोगों के लिए वृद्धाश्रम बनाने का भी फैसला किया गया।