पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा! दो बसों की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत, 20 घायल

यह हादसा तब हुआ जब पहले से खड़ी एक डबल डेकर बस में एक दूसरी तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने टक्कर मार दी। हादसे में 8 लोगों की तत्काल जान चली गई और 20 घायल हैं

अपडेटेड Jul 25, 2022 पर 10:21 AM
Story continues below Advertisement
टक्कर मारने वाला बस का ड्राइवर घटना के बाद से लापता है

उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे (Purvanchal Expressway) पर सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और करीब एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यूपी के बाराबंकी (Barabanki in UP) के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार तड़के दो डबल डेकर बसों की टक्कर हो गई, जिसमें आठ लोगों की जान चली गई और 20 अन्य घायल हैं।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारू कराया। हादसा उस वक्त हुआ जब करीब 50 यात्रियों को लेकर एक बस बिहार के सीतामढ़ी जिले से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान लोनी कटरा थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर मदराहा गांव के पास बस ने एक दूसरी बस को टक्कर मार दी।

पूर्वांचल एक्सप्रेस में किलोमीटर संख्या 24 के पास लोनी कटरा थाना इलाके के नरेंद्रपुर मदरहा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के किनारे यमुना ट्रैवल्स की बस पहले खड़ी थी। यह कैंटीन होने के कारण इसमें अधिकतर लोग उतरकर नीचे आ गए थे। तभी करीब 4:30 बजे सीतामढ़ी बिहार से नई दिल्ली जा रही अशोक ट्रेवल्स की वोल्वो बस इस बस में पीछे से जा घुसी।


ये भी पढ़ें- Elon Musk का Google के कोफाउंडर की पत्नी से था अफेयर, इसीलिए टूटी पुरानी दोस्ती, जानिए हकीकत

जानकारी के मुताबिक, घायलों में तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य का हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य तेजी से करने को कहा है।

सीएम ने ट्वीट कर कहा, "पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। संबंधित अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य तेजी से संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीछे से टक्कर मारने वाला बस का ड्राइवर घटना के बाद से लापता है। एसपी मनोज कुमार पांडे ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।