टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मुनाफ पटेल (Munaf Patel) के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेट्री अथॉरिटी (UP RERA) ने मुनाफ पटेल के दो बैंक अकाउंट को सीज कर 52 लाख रुपये की रकम वसूल की है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी रेरा द्वारा जारी वसूली प्रमाणपत्र (Recovery Certificate) के आधार पर गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के दो बैंक अकाउंट को सीज कर 52 लाख रुपये की वसूली की है। यूपी रेरा ने यह कार्रवाई मुनाफ पटेल की कंपनी द्वारा निवेशकों के पैसे नहीं लौटाने की शिकायत पर की है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुनाफ पटेल बिल्डर कंपनी ‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड (Nivas Promoters Pvt Ltd)’ में डायरेक्टर हैं। यूपी रेरा ने मुनाफ पटेल की कंपनी द्वारा निवेशकों की रकम नहीं लौटाने के आरोप में यह कार्रवाई की है।
गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि UP RERA की RC पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मुनाफ पटेल भी उस कंपनी में डायरेक्टर हैं। विधिक सलाह के बाद राजस्व टीम ने बैंक अकाउंट सीज कर आरसी का पैसा वसूला है। उन्होंने बताया कि बकाया धनराशि की वसूली का भी प्रयास किया जा रहा है।
गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन के मुताबिक, यूपी रेरा पर अभी भी बिल्डर का करीब 10 करोड़ रुपये बकाया है। इस संबंध में 40 से अधिक आरसी पहले ही जारी की जा चुकी है। रेस्क्यू की जिम्मेदारी दादरी तहसील को दी गई है। बिल्डर द्वारा कथित रूप से भुगतान नहीं करने पर प्रशासनिक टीम ने कानूनी सलाह लेकर कंपनी निदेशकों की संपत्तियों को जब्त करना शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया, ‘ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-10 में निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के तहत ‘वनलीफ ट्रॉय’ नामक एक परियोजना पर काम हो रहा है जिसके खरीदारों ने परियोजना समय पर पूरा नहीं होने पर यूपी रेरा में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर सुनवाई के बाद यूपी रेरा ने बिल्डर के खिलाफ आदेश जारी किया था। उन्होंने बताया कि आदेश का पालन नहीं करने पर यूपी रेरा ने बिल्डर को आरसी जारी कर दी थी। जिला प्रशासन के पास बिल्डर के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की 40 से अधिक आरसी लंबित है।
बिल्डर के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
अधिकारी ने बताया, ‘क्रिकेटर मुनाफ पटेल कंपनी के डायरेक्टर हैं। उनके नोएडा और गुजरात में एक्सिस बैंक की दो शाखाओं में स्थित दो अकाउंट को सीज कर राशि की वसूली की गई है। दोनों बैंक से तकरीबन 52 लाख रुपये जब्त किए गए हैं।’ उन्होंने बताया कि बिल्डर के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
‘निवास प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने साल 2017 में यूपी रेरा में परियोजना को रजिस्ट्रेशन करवाया था। तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो यूपी रेरा ने बिल्डर को एक और मौका देते हुए अतिरिक्त समय दिया। बावजूद इसके काम पूरा नहीं हुआ। इसी साल इस परियोजना का पंजीकरण भी समाप्त हो गया।
एलवाई ने बताया कि यूपी रेरा की आरसी पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। इसी क्रम में कंपनी के निदेशक मुनाफ पटेल के बैंक अकाउंट सीज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बाकी रकम की वसूली के लिए भी इसी तरह की कार्रवाई हो रही है।