नवविवाहिता पत्नी से मारपीट करने के आरोपों में फंसे मशहूर इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा (Vivek Bindra) की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। पत्नी से मारपीट करने के मामले में रविवार (24 दिसंबर) को नोएडा पुलिस बिंद्रा के सेक्टर-94 स्थित उनकी सोसाइटी के आवास पर पहुंची और घटना के संबंध में वहां के लोगों से कई अहम जानकारी ली। पुलिस ने उस जगह का भी दौरा किया जहां का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बताया जाता है कि जांच के दौरान विवेक बिंद्रा वहां मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने बताया कि मामले में उन्हें बिंद्रा की पत्नी यानिका की मेडिकल रिपोर्ट मिल गई है और अब उसके आधार पर जांच होगी। उन्होंने बताया कि सोसाइटी में पहुंचने के बाद पुलिस ने करीब 17 दिन पहले के CCTV फुटेज की जांच की। पुलिस ने कहा कि मामले में कई अहम सबूत मिले हैं।
कुछ दिन पहले यानिका के भाई ने सेक्टर-126 थाने में मामला दर्ज कराते हुए कहा था कि 7 दिसंबर को तड़के करीब 3 बजे विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से बहस कर रहे थे। इस बीच उनकी पत्नी यानिका ने बीच बचाव का प्रयास किया तो विवेक ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया और गाली गलौज करते हुए यानिका को बुरी तरह से पीटा।
मारपीट की वजह से महिला को काफी चोटें आई हैं और सुनने की क्षमता पर असर पड़ा है। मामले में 14 दिसंबर को विवेक बिंद्रा के खिलाफ FIR दर्ज हुई। पीटीआई के मुताबिक, यानिका की स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा के खिलाफ पत्नी से मारपीट करने के आरोप में नोएडा में मुकदमा दर्ज हुआ है। नोएडा के थाना 126 में दर्ज कराई गई FIR में कहा गया है कि विवेक बिंद्रा की 6 नवंबर, 2023 को यानिका से शादी हुई थी। विवेक बिंद्रा अपने परिवार के साथ सेक्टर 94 में बने सुपरनोवा अपॉर्टमेंट में रहते हैं। बिंद्रा पर पत्नी को पीटने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा उनके साले ने लिखवाया है। पत्नी को पीटने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बिंद्रा के यूट्यूब पर 21.4 मिलियन फॉलोवर हैं।
शिकायत के मुताबिक, 7 दिसंबर 2023 को विवेक बिंद्रा देर रात अपनी मां प्रभा से किसी बात को लेकर बहसबाजी कर रहे थे। मामले में बीच बचाव करने पर विवेक बिंद्रा ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की उसे घर से बाहर निकाल दिया। विवेक बिंद्रा के साले ने अपनी बहन को दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। साले ने बाद में पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।