Credit Cards

Weather Forecast: इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, बारिश और कोहरे से होंगे हाल बेहाल

Weather Forecast: देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने 25 दिसंबर तक कहीं बारिश होने, कहीं शीतलहर चलने, कहीं बर्फबारी होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू, पंजाब, सौराष्ट्र और कच्छ कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई है

अपडेटेड Dec 21, 2024 पर 11:16 AM
Story continues below Advertisement
Weather Forecast: देश के अधिकतर राज्यों में ठंड का असर देखा जा रहा है। कई जगह पारा लुढ़ककर 0 से नीचे चला गया है।

देश की राजधानी समेत कई राज्यों में तापमान में भारी गिरावट जारी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के चलते तापमान शून्य से लेकर माइनस में पहुंच गया है। शीतलहर और कोहरे का प्रकोप भी जारी है। धीरे-धीरे देश के मैदानी इलाके भीषण ठंड की चपेट में आ रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली में अगले 10 दिन सर्दी को लेकर काफी भारी होने वाले हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 27 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक 20 दिसंबर से लेकर 24 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में भीषण शीतलहर चलेगी। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड का भी प्रकोप जारी रहेगा। वहीं दक्षिणी राज्यों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। जिससे ठंड और ज्यादा बढ़ सकती है।

शून्य से 4 डिग्री से ज्यादा नीचे पहुंचा तापमान


श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात गुरुवार को दर्ज की गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। कड़ाके की ठंड के कारण कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइप लाइन में बर्फ जम गई है। वहीं डल झील में भी बर्फ जम गई है। मौसम विभाग के मुताबिक काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में शून्य से 5.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

पहाड़ी राज्यों में माइनस में पहुंचा पारा

पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश में 1-5 डिग्री सेल्सियस, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान 3-6 डिग्री सेल्सियस रहा। बात करें उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों की तो यहां तापमान 6-12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यहां होगी बारिश

देश के दक्षिणी राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है। उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 21 से 23 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय में, 20 से 24 दिसंबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मध्यम बारिश हो सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल

दिल्ली में कोहरा और ठंड की मार दिल्ली में शनिवार और रविवार को घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं क्रिसमस के तुरंत बाद ही यहां बारिश हो सकती है। नए साल से राजधानी में और भी ज्यादा ठंड बढ़ने की आशंका जताई गई है। IMD के अनुसार, आज सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रह रहेगा और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

Andhra Pradesh: महिला के घर डिलीवर हुआ पार्सल, खोला तो मिली लाश!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।