Weather Update in India: 13 मई को वोट डालने जाने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। उन्हें घर से बाहर निकलने पर लू के थपेड़े नहीं झेलने पड़ेंगे। भारत मौसम विभाग के मुताबिक, 13 मई को लू से राहत रहेगी। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 मई के अपडेट में कहा था कि तूफान की चल रही गतिविधि के कारण लू की लहर कम हो गई है और अगले 3 दिनों के दौरान विकसित होने की संभावना नहीं है।
सोमवार को देश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत मतदान हो रहा है। इस बीच उत्तर प्रदेश के सीतापुर और खिरी में तेज हवा और गरज के साथ हल्की बारिश होने की खबर है। इससे मतदान कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ है लेकिन इसके बावजूद मतदान केंद्रों पर लंबी लाइन लगी हुई है।
विदर्भ और मध्य प्रदेश में गिर सकते हैं ओले
भारत मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर 13 मई, 2024 को 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विदर्भ और मध्य प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और ओले गिरने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र में भी ओलावृष्टि के साथ तेज हवा चलने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश में बारिश के साथ गिर सकती है बिजली
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 मई को आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश (NCAP), यनम, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश (SCAP) और रायलसीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 14 मई से अगले 3 दिनों तक इसी तरह के मौसम की भविष्यवाणी की गई है।