Weather Update: दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, इन राज्यों में आंधी और तूफा की आशंका, जानिए अपने शहर में मौसम का हाल

Weather Update: मौसम विभाग का कहना है कि पश्चमी विक्षोभ की वजह से 18 फरवरी से 20 फरवरी तक पंजाब में बारिश हो सकती है। वहीं 19 फरवरी से लेकर 21 फरवरी तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 22 फरवरी तक तेज बारिश और बर्फबारी के आसार हैं

अपडेटेड Feb 18, 2024 पर 8:44 AM
Weather Update: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

Weather Update: देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड में कमी आई है। हालांकि अभी फिर से मौसम के बदलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग (IMD) ने उत्तरी और पश्चिमी भारत के लिए अलर्ट जारी किया है। इसमें अगले कुछ दिनों में ओलावृष्टि और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब में 18 से 22 फरवरी के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश, आंधी, बिजली गिर सकती है। वहीं कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही 19 और 20 फरवरी को राजस्थान में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। कश्मीर घाटी के ज्यादातर इलाकों में 18 से 21 फरवरी तक तेज बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है।

दिल्ली में मौसम का हाल


देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज ठंड का दौर खत्म हो चुका है। मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी दिल्ली में 19 से 21 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। IMD के अनुसार, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान 24 से 27 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदूषण की बात करें तो शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को प्रदूषण में मामूली कमी देखने को मिली। यहां शनिवार को एक्यूआई 245 दर्ज किया गया।

Shahtoot: स्किन और इम्यूनिटी के लिए रामबाण है शहतूत, लिवर रहेगा चकाचक, जानिए कैसे करें सेवन

आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं 

लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अधिकतर इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगह बर्फबारी भी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में सोमवार से आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। वहीं 19 और 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं।

वहीं पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 18 से 20 फरवरी तक पंजाब में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 19 और 20 फरवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। कुछ जगहों पर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की आंधी चल सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।