Weather Update: पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों में लू से हाल बेहाल, यहां बारिश के आसार

Weather Today: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने 30 अप्रैल तक कई राज्यों में भीषण गर्मी की आशंका जताई है। इन राज्यों में 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान पहुंच सकता है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में आज (27 अप्रैल) बूंदाबांदी के आसार हैं

अपडेटेड Apr 27, 2024 पर 9:36 AM
Weather Update: दिल्ली में 29 अप्रैल को पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department - MD) ने पूर्वानुमान जारी कर बताया कि पूर्वी और दक्षिणी प्रायद्वीपीय इलाकों में30 अप्रैल तक भीषण गर्मी की आशंका जताई है। इनमें पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई जिले शामिल हैं। वहीं उत्तर पश्चिम के कई राज्यों में अगले तीन से चार दिनों कर बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले 4 दिनों तक बिहार, झारखंड, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में लू चल सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, कोंकण एवं गोवा, तेलंगाना, रायलसीमा, आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल, केरल और माहे में हीटवेव चलने वाली है।

वहीं उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं से मौसम में थोड़ा बदलाव हुआ है। हालांकि, कुछ राज्यों को अभी भी भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश में बिजली चमकने, तूफान और 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती हैं।

दिल्ली में कैसा है मौसम का हाल


दिल्ली में शुक्रवार को पारा 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसकी वजह से लोगों को चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम को हुई बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि आज (27 अप्रैल) भी दिल्ली में बूंदाबांदी होने के आसार हैं। वहीं 28 अप्रैल से राष्ट्रीय राजधानी के तापमान में इजाफा हो सकता है। 29 अप्रैल को पारा एक बार फिर 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में इस पूरे हफ्ते तेज हवाएं चल सकती हैं।

मुंबई में लू की आशंका

मौसम विभाग ने 27 से 29 अप्रैल तक महाराष्ट्र के ठाणे, रायगढ़ जिलों और मुंबई के कुछ हिस्सों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 27 और 28 अप्रैल को तापमान में इजाफा हो सकता है। 25 अप्रैल को महाराष्ट्र के जलगांव में 42.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह क्षेत्र का सबसे ज्यादा तापमान था।

यहां बारिश के आसार

पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज (27 अप्रैल) कुछ इलाकों में बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं। मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण-पूर्व राजस्थान और पूर्वी गुजरात में भी छिटपुट बारिश हो सकती है।

IMD Weather Update: इस साल पड़ेगी 2023 से भी ज्यादा गर्मी, टूटेगा रिकॉर्ड, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया रेड अलर्ट

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।