Weather Update: भीषण गर्मी की चपेट में है उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्य, IMD ने बताया चिलचिलाती धूप से कब मिलेगी राहत

IMD ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में आज गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। IMD ने कहा कि 16 जून को जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में भारी बारिश की संभावना है

अपडेटेड Jun 15, 2022 पर 11:58 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Updates कहीं बारिश से राहत तो कहीं लू का प्रकोप (FILE PIC)

Weather Update: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बुधवार को कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा है। हालांकि देश के बाकी हिस्सों में लू की स्थिति कम हो गई है। हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 16 जून तक चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

IMD ने कहा कि लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और निचले स्तर की पूर्वी हवाओं के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान) में आज यानी 15 जून को छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- Paavo Nurmi Games: ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड, लेकिन नहीं जीत पाए गोल्ड


मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। IMD ने 16 जून और 17 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में काफी व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है।

इन राज्यों में कल होगी बारिश

IMD ने कहा कि 16 जून को जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि 16 जून से 22 जून के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से सामान्य से कम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 16 जून से 22 जून के दौरान देश के किसी भी हिस्से में लू की संभावना नहीं के बराबर है। मानसून के संदर्भ में IMD ने कहा कि अगले दो दिनों में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ और हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी।

दिल्ली में 'येलो अलर्ट' जारी

IMD ने कहा कि पूर्वोत्तर और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश का मौजूदा दौर अगले 5 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। दिल्ली में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहे, जिसकी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जून के महीने में पहली बार मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

आने वाले दिनों में लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और निचले स्तर की पुरवाई हवा चलने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। IMD ने अगले 6 दिनों में गरज के साथ बौछारें पड़ने या हल्की बारिश की चेतावनी देते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। रविवार तक पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।