Weather Update: दिल्ली- UP समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और कोहरे की मार, जानिए अपने शहर में मौसम का हाल

Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य कड़ाके की ठंड और भीषण कोहरे की मार झेल रहे हैं। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार जैसे कई राज्यों में सर्दी का सितम जारी है। वहीं भीषण कोहरे से यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। घने कोहरे और गिरते तापमान से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है

अपडेटेड Jan 20, 2024 पर 9:52 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Weather Update: पंजाब, हरियाणा और पश्चिम UP के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है।

Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य भीषण ठंड से कांप रहे हैं। कोल्ड डे के साथ-साथ कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी उत्तर भारत के राज्यों को कोल्ड डे और कोहरे से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में अगले 5 दिनों तक घने से बहुत घना कोहरा का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, अगले तीन दिनों के दौरान कोल्ड डे से गंभीर कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के लिए 23 जनवरी तक ठंड और कोहरे को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान 2-10 डिग्री के बीच रह सकता है। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।

दिल्ली में मौसम का हाल


मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 20 जनवरी को देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 07 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री रह सकता है। वहीं, आज नई दिल्ली में घने से बहुत घना कोहरा और कोल्ड डे से गंभीर कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 21 जनवरी को भी कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। दिन के समय हल्की धूप देखने को मिल सकती है। हालांकि, पूरे दिन कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग की तरफ से शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को शीतलहर का सामना भी करना पड़ सकता है, जिससे और ज्यादा ठंड बढ़ेगी। दिल्ली में कोहरे की वजह से कम विजिबिलिटी के कारण IGI एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट देरी से चल रही हैं और कुछ फ्लाइट रद्द हो गई हैं।

Ram Mandir: 'गाथा श्रीराम मंदिर की' संगीत के जरिए समझाया जाएगा, राम मंदिर के 500 सालों का इतिहास

इन राज्यों में घना कोहरा

पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरे से बेहद ही ज्यादा घना कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी हिस्सा, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने वाला है। इस दौरान जिन इलाकों में बेहद घने कोहरे की चेतावनी है, वहां विजिबिलिटी भी काफी कम होने वाली है।

इन राज्यों में बारिश के आसार

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, ओडिशा छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और तमिलनाडु के दक्षिणी तट पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही लक्षद्वीप, दक्षिणी केरल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।