Weather Update: उत्तर भारत के कई राज्य हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में ठंड के बीच कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच आज यानी 9 जनवरी को दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में सुबह ठंड और कोहरे धुंध देखने को मिली। दिल्ली-NCR का ज्यादातर इलाका सुबह-सुबह कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग (India Meteorological Department- IMD) का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर जारी रहेगी और घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत खास तौर से राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में 9 और 10 जनवरी को आंधी या ओलावृष्टि के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा।
जानिए दिल्ली में मौसम का हाल
इस बीच दिल्ली में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। यहां बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सुबह में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौजूदा समय में ठंड की स्थिति को देखते हुए दिल्ली में स्कूल अगले पांच दिनों के लिए 12 जनवरी तक बंद रहेंगे। नर्सरी से कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए स्कूल बंद करने का ऐलान किया गया है। वहीं गौतम बौद्ध नगर जिला प्रशासन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 14 जनवरी तक छुट्टी का ऐलान किया है। इस दौरान कक्षा 8 तक के छात्रों की छुट्टी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक आज (9 जनवरी 2024) पूरे प्रदेश में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही पश्चिमी यूपी में एक या दो स्थानों पर घने से बहुत घने कोहरा छाया रह सकता है। कई जगहों पर आज गरज चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। ऐसे में अगले दो दिनों में तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आ सकती है। हालांकि इसके बाद 10 जनवरी से 14 जनवरी तक मौसम शुष्क ही रहेगा।