पहाड़ों पर बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों का मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। कुछ राज्यों में तापमान बढ़ रहा है। वहीं कुछ इलाकों का तापमान गिरने लगा है। दिल्ली में सुबह-शाम हल्की ठंड रहती है। इसके बाद दोपहर में गर्मी महसूस होने लगती है। फरवरी के महीने में ही लोगों का गर्मी का एहसास होने लगा है। दिल्ली में अब ठंड की वापसी के आसार बेहद कम हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, आज (11 फरवरी) दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही। सुबह 8 बजे एक्यूआई 283 रहा।
मौमस विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में आज (11 फरवरी 2025) दिन में न्यूनतम तापमान 16.76 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.58 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूरे दिन आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई गई है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश हो सकती है। 12 और 13 फरवरी को मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है। चक्रवाती हवाओं की वजह से असम, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वोत्तर अफगानिस्तान और पाकिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 11 और 12 फरवरी को पश्चिमी हिमालय के आसपास के क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की आशंका जताई गई है। मौसम ने विभाग ने आगे कहा कि आने वाले 2-3 दिनों में पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी ने 11 और 12 फरवरी को पश्चिम बंगाल में घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में न्यूनतम तापमान में हो रही बढ़ोतरी रबी की फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। वैज्ञानिकों का कहना है कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे होना चाहिए था, लेकिन ये 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। इससे गेहूं, सरसों, मसूर, चना, आम और लीची की फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
राजस्थान में तापमान बढने के आसार
राजस्थान में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फतेहपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, उदयपुर, सीकर और अलवर में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बाड़मेर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।