Weather Updates: मकर संक्रांति के बाद मौसम ने फिर से करवट ले ली है। ठंड दिनों दिन बढ़ती जा रही है। जनवरी का महीना खत्म होने के करीब पहुंच गया है। लेकिन गलावट बढ़ती जा रही है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR उत्तर भारत के कई राज्य भीषण ठंड से ठिठुर रहे हैं। कई इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई हुई है। ठंड इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि पुराने रिकॉर्ड टूटते नजर आ रहे हैं। दिल्लीवासी ठंड के साथ-साथ प्रदूषण की भी मार झेल रहे हैं। दिल्ली में 25 जनवरी को सुबह के समय कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर और इससे भी कम रही। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें और फ्लाइट्स भी प्रभावित हैं।
वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दो-दो नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते 25 से 28 जनवरी तक हिमालय से सटे इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में दो से तीन दिनों के दौरान अलग-अलग जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने घने कोहरे और शीतलहर की भी चेतावनी जारी की है।
दिल्ली में आज, 25 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं आज के लिए घने कोहरे का भी अनुमान जताया गया है। 24 जनवरी 2024 को दिल्ली कड़ाके की ठंड की चपेट में रही। अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री नीचे 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में जनवरी में अब तक 5 कोल्ड डे और 5 कोल्डवेव डे का अनुभव किया गया है। यह पिछले 13 साल में सबसे अधिक है। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठिठुरन भी बनी हुई है।
दिल्ली में प्रदूषण की मार
दिल्ली प्रदूषण की बात करें तो पिछली रात 8 बजे हवा की गुणवत्ता का स्तर कुछ इलाकों में 405 तक पहुंच गया था। वहीं आज यानी 25 जनवरी 2024 को सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 367 दर्ज किया गया.। हालांकि कई इलाकों में आज भी दिल्ली का एक्यूआई 400 के पार दर्ज हुआ। बता दें कि शून्य और 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।