सितंबर के महीने में भी मानसून की रफ्तार तेज होती जा रही है। देश में अधिकतर जगहों पर पिछले कई दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। अभी तक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने आज (7 सितंबर 2024) भी कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली समेत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शनिवार की सुबह बादल छाए रहने के बीच बूंदाबांदी हुई। दिल्ली समेत गुजरात, राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, तेलंगाना राजस्थान समेत कई राज्यों में आज भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड के कई इलाकों में शुक्रवार से बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि शनिवार को चमोली, पौड़ी और बागेश्वर जनपदों मे भारी बारिश के आसार है। राज्य के अन्य जनपदों देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी और नैनीताल में बारिश हो सकती है।
दिल्ली में बारिश को लेकर येलो अलर्ट
दिल्ली की बात करें तो आईएमडी ने आज यानी शनिवार को शहर में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। शहर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा। तेलंगाना, गुजरात और पुडुचेरी में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पश्चिम बंगाल में भी बरसात के आसार
पश्चिम बंगाल में बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज कहीं कहीं बरसात हो सकती है। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में 9 सितंबर से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने मछुआरों को 8-10 सितंबर तक पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों पर नहीं जाने की सलाह दी है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं।
राजस्थान में भी बरसेंगे बादल
राजस्थान में बारिश रूकने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ दिन वर्षा का दौर जारी रहेगा। अगले तीन से चार दिन दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अति भारी बारिश की आशंका है। 10 सितंबर से बरसात में कमी आ सकती है।