World Hypertension Day 2023: हाइपरटेंशन (Hypertension) या हाई ब्लड प्रेशर (High Blood Pressure) एक तेजी से बढ़ती समस्या है। इस स्थिति में ब्लड प्रेशर 90/140 या इसके उपर पहुंच जाता है। ऐसे में शरीर के धमनियों में रक्त का दबाव बहुत बढ़ जाता है। इसके शिकार सिर्फ बुजुर्ग ही नहीं बल्कि युवा भी हो रहे हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उत्तर प्रदेश के आगरा में 12 फीसदी युवा हाइपरटेंशन के शिकार हैं। एस एन मेडिकल कॉलेज ने 500 युवाओं पर की गई स्टडी में यह बात सामने आई है। आज हाइपरटेंशन डे है।
हाई ब्लड प्रेशर के कोई खास लक्षण नहीं होते हैं। इसे साइलेंट किलर के रूप में जाना जाता है। यह धीरे-धीरे आपके दिमाग, दिल और किडनियों को डैमेज करता रहता है। इससे ब्रेन हेमरेज, ब्रेन स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी जानलेवा स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है। 50 की उम्र के बाद होने वाली बीमारियां अब युवाओं को घेर रही हैं।
हाइपरटेंशन को लेकर 500 युवाओं पर स्टडी
एसएन के मेडिसिन विभाग के प्रो. प्रभात अग्रवाल के मुताबिक, साल 2021-22 में ओपीडी में आने वाले 25 से 30 साल के 500 युवाओं पर स्टडी की गई। इन युवाओं का ब्लड प्रेशर चेक किया गया। इसमें से 22 फीसदी युवाओं का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। इन्हें अगले दो दिन और OPD में बुलाया गया। इनका दोबारा ब्लड प्रेशर चेक किया गया। 3 दिन में ब्लड प्रेशर की 3 जांच के बाद 12 फीसदी युवाओं को हाइपरटेंशन ब्लड प्रेशर 140 बाई 90 से अधिक मिला। बता दें कि एक व्यस्क का ब्लड प्रेशर 120/80 होता है। हालांकि, यह नंबर थोड़ा सा ऊपर नीचे हो सकता है। लेकिन अगर बार-बार ब्लड प्रेशर 140/90 से अधिक आता है तो इसका मतलब यह है कि हाइपरटेंशन से पीड़ित हैं।
हाई ब्लड प्रेशर होने पर सिर में दर्द, सांस फूलना, नकसीर, थकान, सीने में दर्द, पसीना आना, उल्टी होना, घबराहट होना, धुंधला दिखाई देना जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। अगर आपको लगातार ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अपना ब्लड प्रेशर चेक कराना चाहिए। वैसे 18 साल की उम्र के बाद हर व्यक्ति को दो साल में एक बार अपना ब्लड प्रेशर चेक जरूर करना चाहिए। 40 की उम्र के बाद साल में एक बार अपना ब्लड प्रेशर चेक करना चाहिए।
हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए मूंग दाल का सूप बढ़िया ऑप्शन है। इसे बनाने के लिए इसमें थोड़ा सीताफल, जीरा और एक चुटकी हल्दी मिलाएं। मूंग की दाल हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करती है।
संतरे का रस और नारियल पानी मिक्स करके पिएं
अगर आप ब्लड प्रेशर अक्सर हाई रहता है, तो एक गिलास संतरे के रस में नारियल का पानी मिलाकर पीना चाहिए। दिन में कम से कम दो से तीन बार आधा-आधा कप पिएं।
खीरे में पानी का मात्रा अधिक होती है और यही वजह है कि इसे मूत्रवर्धक के रूप में जाना जाता है। खीरे का रायता पाचन स्वास्थ्य के साथ-साथ रक्तचाप को भी ठीक रखने में मदद करता है।