गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने खुशखबरी दी है। सरकार ने आज गुरुवार 18 जनवरी को गन्ना के न्यूनतम समर्थन भाव (MSP) को प्रति कुंतल 20 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया है। कीमतों में यह बढ़ोतरी फसल की सभी तीनों कैटेगरी के लिए की गई है। इससे पहले प्रदेश सरकार ने गन्ने की सबसे निचली किस्म के लिए प्रति कुंतल की एमएसपी 335 रुपये प्रति कुंतल, नॉर्मल वैरायटी की 340 रुपये और सबसे बेहतरीन वैरायटी का भाव 350 रुपये प्रति कुंतल फिक्स किया हुआ था। अब इन तीनों के एमएसपी में प्रति कुंतल 20 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। एमएसपी बढ़ाने का यह फैसला आज लखनऊ में स्टेट कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इस बैठक में कई और प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
सात साल में ₹55 बढ़ी गन्ना की MSP
प्रदेश में जब पहली बार 2017 में योगी सरकार बनी थी तो गन्ने की एमएसपी प्रति कुंतल 10 रुपये बढ़ाई गई थी। इसके बाद अगले विधानसभा चुनाव 2022 से पहले वर्ष 2021 में योगी सरकार ने गन्ने की एमएसपी में प्रति कुंतल 25 रुपये की बढ़ोतरी की थी। अब आज इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने इसकी एमएसपी प्रति कुंतल 20 रुपये बढ़ा दी है। इस प्रकार सात साल में योगी सरकार ने गन्ने की एमएसपी प्रति कुंतल 55 रुपये बढ़ाई है।
यूपी में होता है सबसे अधिक गन्ना
दुनिया में सबसे अधिक गन्ना ब्राजील में होता है और उसके बाद भारत का नंबर आता है। भारत में बात करें तो सबसे अधिक गन्ना उत्तर प्रदेश में होता है। यहां 23 लाख हेक्टेयर से अधिक जमीन पर इसका उत्पादन किया जाता है। इसके बाद महाराष्ट्र और कर्नाटक का नंबर आता है। वहीं चीनी की बात करें तो पिछले साल सबसे अधिक चीनी का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हुआ था जबकि 2022 में महाराष्ट्र पहले स्थान पर था। चीनी के उपभोग के मामले में भारत में इसकी सबसे अधिक खपत है।