Upcoming IPO: डायग्नोस्टिक सर्विस प्रोवाइडर Agilus Diagnostics अपना IPO लेकर आने वाली है। कंपनी ने IPO के लिए सेबी के पास डॉक्युमेंट सबमिट कर दिए हैं। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) के अनुसार, यह पब्लिक इश्यू पूरी तरह से OFS (offer for sale) बेस्ड है। इसके तहत इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्प, NYLIM जैकब बॉल्स इंडिया फंड III LLC और रिसर्जेंस पीई इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड 1.42 करोड़ शेयरों की बिक्री करेंगे। IPO पूरी तरह OFS होने के कारण इससे मिली राशि, मौजूदा शेयरधारकों के पास जाएगी। Agilus Diagnostics का पुराना नाम SRL Ltd था।
दाखिल किए गए ड्राफ्ट पेपर के अनुसार, ICICI सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया, कंपनी के पब्लिक इश्यू के बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं। वित्त वर्ष 2023 में Agilus Diagnostics ने 3.9 करोड़ टेस्ट किए और भारत में और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 1.66 करोड़ मरीजों को सर्विसेज दीं।
भारत के अलावा विदेश में भी मौजूदगी
क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च 2023 तक यह कंपनी लैबोरेटरीज की संख्या के मामले में भारत के सबसे बड़े डायग्नोस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर्स में से एक थी। वहीं ऑपरेशंस से रेवेन्यु के मामले में यह देश की दूसरी सबसे बड़ी डायग्नोस्टिक्स कंपनी थी। मार्च 2023 तक Agilus Diagnostics की कुल 413 लैब थीं जिनमें से 43 लैब, नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेटरीज (NABL) द्वारा मान्यता प्राप्त थीं। कंपनी की भारत के बाहर भी मौजूदगी है। यह मिडिल ईस्ट, सब-सहारन अफ्रीका, द कॉमनवेल्थ ऑफ इंडिपेंडेंट स्टेट्स और साउथ एशियन एसोसिएशन फॉर रीजनल को-ऑपरेशन (SAARC) रीजन में ऑपरेशनल है।
कंपनी की शुरुआत 1995 में हुई थी और इसका हेडक्वार्टर गुरुग्राम में है। मार्च 2023 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी की लैब्स भारत के 25 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों के 1000 से ज्यादा शहरों और कस्बों में हैं। Agilus Diagnosticsके वर्तमान एमडी और सीईओ आनंद कुप्पूस्वामी हैं।