Anthem Biosciences IPO: कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च कंपनी एंथेम बॉयोसाइंसेज आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसका ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के पास फाइल कर दिया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह आईपीओ 3395 करोड़ रुपये (39.7 करोड़ डॉलर का है। इस इश्यू के तहत कोई भी नया शेयर जारी करने की योजना नहीं है यानी कि मौजूदा शेयरहोल्डर्स ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के जरिए कंपनी में अपनी हिस्सेदारी हल्की करेंगे।
Anthem Biosciences IPO की डिटेल्स
एंथेम बॉयोसाइंसेज ने आईपीओ के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट फाइल कर दिया है। यह आईपीओ करीब 3395 करोड़ रुपये का हो सकता है और यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का होगा। मनीकंट्रोल ने करीब चार साल पहले जून 2020 में ही इस बात की जानकारी दे दी थी कि एंथेम बॉयोसाइंसेज 100 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन पर होल्डिंग बेचने पर विचार कर रही है। इंवेस्टमेंट बैंक O3 capital को खरीदार खोजने की जिम्मेदारी दी गई थी। उस समय कंपनी के सीईओ अजय भारद्वाज ने कहा था कि कंपनी ने खुद को केमेस्ट्री पर आधारित छोटे मॉलिक्यूल वाली थेरेपी और फर्मेंटेशन पर आधारित बॉयोफार्मा के रिसर्चर और मैनुफैक्चरर के रूप में अपनी विश्वसनीयता स्थापित की है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें दुनिया भर में बहुत कम कंपनियां हैं।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
एंथेम बॉयोसाइंसेज एक कॉन्ट्रैक्ट रिसर्च, डेवलपमेंट एंड मैनुफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन (CDMO) है। यह दवाईयों की खोज कर उन्हें तैयार करती है। इके फाउंडर, सीईओ और एमडी अजय भारद्वाज हैं जो बॉयोकॉन में एग्जेक्यूटिव के तौर पर काम कर चुके हैं। यह कंपनी वर्ष 2006 में बनी थी। इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो कंपनी की साइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक वित्त वर्ष 2024 में इसका स्टैंडएलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार 2.82 फीसदी गिरकर 374.78 करोड़ रुपये पर आ गया लेकिन इस दौरान रेवेन्यू 34.12 फीसदी उछलकर 1417.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।