अगस्त महीने में इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के जरिए कंपनियों ने कुल 17,048 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई। यह पिछले 27 महीनों में IPO के जरिए जुटाई गई सबसे अधिक राशि है। अगस्त में कुल 10 कंपनियों के IPO आए, जिनसे कुल 17,048 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई। यह मई 2022 के बाद किसी एक महीने में IPO के जरिए जुटाई गई सबसे अधिक राशि है। इसमें से 9,715 करोड़ रुपये नए शेयरों को जारी कर जुटाया गया, जो कुल राशि का करीब 57 फीसदी हिस्सा है। वहीं बाकी 7,333 करोड़ रुपये की राशि को ऑफर-फॉर-सेल के जरिए जुटाया गया।
एनालिस्ट्स का कहना है कि मजबूत आर्थिक विकास, शेयर बाजार में तेजी और कंपनियों की अर्निंग्स के लगातार उम्मीद से बेहतर रहने के चलते IPO गतिविधियों में तेजी आई है। इसके चलते अधिक से अधिक कंपनियां शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के लिए आगे आ रही हैं।
मेहता इक्विटीज के सीनियर वीपी (रिसर्च एनालिस्ट) प्रशांत तापसे ने कहा, "अधिक लिक्विडिटी, शेयर बाजार में जारी बुल रैली और हाल में कई आईपीओ की मजबूत लिस्टिंग के चलते निवेशकों को आईपीओ में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।" उन्होंने कहा, "वाजिब वैल्यूएशन और बाजार में तेजी के माहौल के चलते अधिकतर आईपीओ के सब्सक्रिप्शन की अच्छी मांग देखी जा रही है और फिर उनकी लिस्टिंग भी मजबूत हो रही है। इससे प्रमोटरों और निवेशकों को पूंजी जुटाने और निवेश करने का विश्वास मिला है।"
उनका मानना है कि प्रमोटरों के साथ-साथ निजी इक्विटी निवेशकों जैसे प्री-आईपीओ निवेशक भी इस बाजार के मूड को उम्मीद से बेहतर मूल्यांकन के साथ भुनाने के अवसर के रूप में देख रहे हैं, जिससे उन्हें मुनाफा कमाने का मौका मिल रहा है।
अगस्त में, ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) ने सबसे बड़ा IPO लॉन्च किया और 6,145 करोड़ रुपये जुटाए। इसके बाद ब्रेनबीज सॉल्यूशंस ने 4,193 करोड़ रुपये और प्रीमियर एनर्जीज ने 2,830 करोड़ रुपये जुटाए। इस महीने खुले अन्य प्रमुख IPO में सीगल इंडिया (1,253 करोड़ रुपये), बाजार स्टाइल रिटेल (835 करोड़ रुपये), Ecos इंडिया मोबिलिटी एंड हॉस्पिटैलिटी (600 करोड़ रुपये) और इंटरआर्क बिल्डिंग प्रोडक्ट्स (600 करोड़ रुपये) शामिल थे।
इनमें से अधिकतर आईपीओ पहले ही दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गए थे। सबसे अधिक सब्सक्रिप्शन यूनीकॉमर्स ई-सॉल्यूशंस के IPO को मिला था, जो 168.35 गुना अधिक बोली के साथ बंद हुआ था। बाद ओरिएंट टेक्नोलॉजीज 155 गुना और सरस्वती साड़ी डिपो 108 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे। बाकी IPO में प्रीमियर एनर्जीज, ECOS इंडिया मोबिलिटी और अकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्युटिकल्स क्रमशः 75 गुना, 65 गुना और 63 गुना सब्सक्राइब हुए थे।