Bajaj Housing Finance IPO: मार्केट में लिस्टेड बजाज फाइनेंस के पूर्ण मालिकाना हक वाली कंपनी बजाज हाउसिंग फाइनेंस के IPO के लिए इंतजार की घड़ियां अब खत्म हुईं। इस पब्लिक इश्यू में 9 सितंबर से लेकर 11 सितंबर तक पैसे लगाए जा सकेंगे। एंकर इनवेस्टर 6 सितंबर को बोली लगा सकेंगे। बजाज हाउसिंग फाइनेंस एक डायवर्सिफाइड नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) है। यह व्यक्तियों के साथ-साथ कॉरपोरेट एंटिटीज को घर या कमर्शियल स्पेस की खरीद और रिनोवेशन के लिए फाइनेंस की पेशकश करती है।
वर्षों बाद बजाज समूह की किसी कंपनी का IPO आ रहा है। हालांकि अभी तक यह खुलासा नहीं हुआ है कि IPO में किस भाव पर बोली लगेगी। कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक, प्राइस बैंड की डिटेल 3 सितंबर को जारी की जाएगी।
3560 करोड़ रुपये के नए शेयर
RHP की डिटेल के अनुसार, IPO का साइज 6,560 करोड़ रुपये होगा। इसमें 3,560 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा 3,000 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रहेगा।
Bajaj Housing Finance IPO के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, बोफा सिक्योरिटीज इंडिया, एक्सिस कैपिटल, जेएम फाइनेंशियल, आईआईएफएल सिक्योरिटीज, गोल्डमैन सैक्स इंडिया सिक्योरिटीज और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स बुक-रनिंग लीड मैनेजर हैं। सिरिल अमरचंद मंगलदास, कानूनी सलाहकार है। केफिन टेक्नोलोजिज, रजिस्ट्रार है।
Bajaj Housing Finance की वित्तीय स्थिति
वित्त वर्ष 2024 में बजाज हाउसिंग फाइनेंस के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) का आंकड़ा 91,370 करोड़ रुपये था। कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाली आय का इस्तेमाल कैपिटल बेस को बढ़ाने के लिए करेगी। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 5% उछलकर 483 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का रेवेन्यू 34 प्रतिशत बढ़कर 7,617.71 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 38 प्रतिशत के उछाल के साथ 1,731.22 करोड़ रुपये हो गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।