Quest Global IPO: अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म कार्लाइल ग्रुप इंक (Carlyle Group Inc) इंजीनियरिंग सर्विसेज फर्म क्वेस्ट ग्लोबल सर्विसेज पीटीई का भारत में IPO लाने की सोच रही है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि कार्लाइल ने संभावित शेयर बिक्री को लेकर सलाहकारों के साथ शुरुआती बातचीत की है। IPO अगले साल की शुरुआत में आ सकता है। यह भी पता चला है कि सिंगापुर स्थित क्वेस्ट ग्लोबल का पब्लिक इश्यू करीब 1 अरब डॉलर का रह सकता है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया है कि एक व्यक्ति ने बताया कि संभावित सौदे से क्वेस्ट ग्लोबल की वैल्यूएशन 5 अरब डॉलर से अधिक हो सकती है। कंपनी भारत में भी अपना कारोबार शुरू कर सकती है। लोगों ने बताया कि बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। IPO का साइज और वैल्यूएशन जैसी डिटेल्स बदल सकती हैं।
कार्लाइल ने 2023 में क्वेस्ट ग्लोबल में खरीदी थी हिस्सेदारी
कार्लाइल 2023 में क्वेस्ट ग्लोबल में माइनॉरिटी स्टेक हासिल करने पर सहमत हुई थी। ट्रांजेक्शन के तहत बैन कैपिटल और एडवेंट इंटरनेशनल अपनी हिस्सेदारी बेचकर क्वेस्ट ग्लोबल से एग्जिट कर गए थे। क्वेस्ट ग्लोबल की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी एयरोस्पेस और डिफेंस, ऑटोमोटिव, एनर्जी, टेक, हेल्थकेयर और सेमीकंडक्टर जैसी इंडस्ट्रीज में दुनिया भर में इंजीनियरिंग सर्विसेज देती है। इसके पार्टनर्स में एनवीडिया कॉर्प और सोनी ग्रुप कॉर्प जैसी वैश्विक कंपनियां शामिल हैं। क्वेस्ट ग्लोबल के 20,000 से अधिक कर्मचारी हैं।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों से पता चलता है कि इस साल भारत का IPO मार्केट काफी व्यस्त रहा है और अब तक 17.7 अरब डॉलर जुटाए गए हैं। मजबूत अर्थव्यवस्था ने वैश्विक निवेशकों को आकर्षित किया है। देश के कुछ स्टार्टअप, जिन्होंने सिंगापुर में अपना हेडक्वार्टर खोला था, अब देश के तेज विकास के बीच भारत में फिर से बसने पर विचार कर रहे हैं।