Chatha Foods IPO: प्रोसेस्ड और फ्रोजन फूड कंपनी Chatha Foods का IPO 19 मार्च को खुलने जा रहा है। कंपनी का इरादा इस इश्यू से 34 करोड़ रुपये जुटाने का है। इस एसएमई इश्यू में निवेशक 21 मार्च तक बोली लगा सकेंगे। कंपनी Domino's, Subway, Burger King जैसी कई बड़ी इंटरनेशनल चेन्स को प्रीमियम क्वालिटी मीट प्रोडक्ट की सप्लाई करती है। Chatha Foods IPO के तहत 59.62 लाख नए शेयर जारी होंगे। आईपीओ क्लोज होने के बाद कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 27 मार्च 2024 को BSE SME पर हो सकती है।
Chatha Foods IPO के लिए प्राइस बैंड 53 से 56 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। बोली लगाने के लिए लॉट साइज 2000 शेयरों का है। इस आधार पर निवेश करने में दिलचस्पी रखने वाले रिटेल इनवेस्टर्स को मिनिमम 112,000 रुपये लगाने होंगे।
Chatha Foods IPO का रिजर्व हिस्सा
IPO का 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है। IPO के लिए Indorient Financial Services Ltd बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार Skyline Financial Services Private Ltd है। IPO के लिए मार्केट मेकर Alacrity Securities है। Chatha Foods में वर्तमान में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 81.36 प्रतिशत है। कंपनी की शुरुआत साल 1999 में हुई थी। यह फ्रोजन और रेडी टू ईट प्रोसेस्ड मीड प्रोडक्ट बनाने वाली दिग्गज भारतीय कंपनियों में शामिल है।
Chatha Foods की वित्तीय स्थिति
वित्तीय स्थिति की बात करें तो Chatha Foods Limited का रेवेन्यू वित्त वर्ष 2023 में 34.14 प्रतिशत बढ़कर 117.24 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 264.66 प्रतिशत बढ़कर 2.45 करोड़ रुपये रहा। अप्रैल-सितंबर 2023 की अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 70.78 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 3.41 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।