Dr Agarwal's Healthcare IPO: आईकेयर सर्विसेज देने वाली डॉ. अग्रवाल्स हेल्थकेयर को अपने IPO के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी से मंजूरी मिल गई है। यह बात मनीकंट्रोल को सोर्सेज से पता चली है। कंपनी ने 27 सितंबर को IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर जमा किए थे। कंपनी में टीपीजी और टेमासेक होल्डिंग्स का भी पैसा लगा है। डॉ. अग्रवाल्स हेल्थकेयर, लिस्टेड कंपनी Dr Agarwals Eye Hospital की पेरेंट कंपनी है। डॉ. अग्रवाल्स हेल्थकेयर की डॉ अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल में 71.90 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
एक सोर्स ने कहा, "डॉ. अग्रवाल्स हेल्थकेयर के IPO के लिए सेबी से मंजूरी मिल गई है। लेकिन अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। बाजार की स्थितियों और अन्य फैक्टर्स के आधार पर यह इश्यू जनवरी के अंत में या फरवरी में केंद्रीय बजट के बाद लॉन्च किया जा सकता है।"
IPO में 300 करोड़ के नए शेयर
ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, IPO में 300 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, साथ ही प्रमोटर्स और निवेशकों की ओर से 6.95 करोड़ इक्विटी शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। प्रमोटर समूह के अलावा, टीपीजी और टेमासेक OFS में बिक्री करने वाले शेयरहोल्डर होंगे। डॉ. अग्रवाल्स हेल्थ केयर में प्रमोटर्स की 37.83 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी के प्रमोटर अमर अग्रवाल, अथिया अग्रवाल, आदिल अग्रवाल, अनोश अग्रवाल, अश्विन अग्रवाल, डॉ. अग्रवाल्स आई इंस्टीट्यूट, फराह अग्रवाल और उर्मिला अग्रवाल हैं।
डॉ. अग्रवाल्स हेल्थ केयर में टीपीजी के पास Hyperion Investments Pte के जरिए 33.75 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि टेमासेक के पास Arvon Investments Pte के जरिए 12.45 प्रतिशत और Claymore Investments (Mauritius) Pte के जरिए 15.73 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इश्यू के लिए मर्चेंट बैंकर कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेफरीज, मॉर्गन स्टेनली और मोतीलाल ओसवाल हैं।
Dr Agarwal's Healthcare IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल
कंपनी IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों में से 195 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी। बाकी पैसे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों और इनऑर्गेनिक एक्वीजीशंस के लिए इस्तेमाल होंगे। भारत में 165 और वैश्विक स्तर पर 15 (अफ्रीका में 9 सहित) फैसिलिटीज के साथ, तमिलनाडु स्थित डॉ. अग्रवाल्स हेल्थकेयर मोतियाबिंद, रिफ्रैक्टिव और अन्य सर्जरी जैसी आईकेयर सर्विसेज देती है। इसके अलावा यह चश्मे, कॉन्टैक्ट लेंस और एक्सेसरीज, और आईकेयर से जुड़े फार्मा प्रोडक्ट्स भी बेचती है। वित्त वर्ष 2024 के दौरान भारत में कुल आईकेयर सर्विस चेन मार्केट में इसकी हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत थी।
FY24 में रेवेन्यू 31% बढ़ा
जुलाई 2024 तक Dr Agarwal's Healthcare पर 384 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड डेट था। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 7.9 प्रतिशत घटकर 95 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले यह 103.2 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 30.9 प्रतिशत बढ़कर 1,332 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023 में 1,018 करोड़ रुपये था। EBITDA 34 प्रतिशत बढ़कर 362.3 करोड़ रुपये और मार्जिन 0.6 बीपीएस बढ़कर 27.2 प्रतिशत हो गया।