साल 2023 के सितंबर महीने के दौरान, स्मॉल एंड मिड साइज्ड एंटरप्राइजेस (एसएमई) के IPOs में रिकॉर्ड तोड़ उछाल आया। प्राइम डेटाबेस के डेटा के अनुसार, सितंबर में 37 कंपनियों के एसएमई आईपीओ आए और इन्होंने 1,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए। साल 2012 में एसएमई आईपीओ शुरू होने के बाद से यह एक माह में आए एसएमई आईपीओ का सबसे उच्च स्तर है। मौजूदा वर्ष में अब तक 136 कंपनियों ने एसएमई आईपीओ लॉन्च किए हैं, जिससे लगभग 3,457 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं।
इन एसएमई आईपीओ में से लगभग 16 पहले ही लिस्ट हो चुके हैं, और 21 अभी लिस्ट होने बाकी हैं। सूचीबद्ध हो चुकी कंपनियों में से, कुंदन एडिफिस लिमिटेड की लिस्टिंग निगेटिव रही, जबकि यूनीहेल्थ कंसल्टेंसी लिमिटेड और मास्टर कंपोनेंट्स लिमिटेड की शुरुआत फ्लैट रही। दूसरी ओर बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो लिमिटेड ने लिस्टिंग के दिन 193 प्रतिशत का गेन देखा और मेसन वाल्व्स इंडिया लिमिटेड ने अपनी लिस्टिंग के दिन लगभग 99 प्रतिशत का गेन हासिल किया।
मेनबोर्ड कंपनियों को छोड़ा पीछे
मेनबोर्ड सेगमेंट में, सितंबर माह में 14 कंपनियों के आईपीओ आए। यह आंकड़ा सितंबर 2010 के बाद सबसे अधिक है। इन 14 आईपीओ से लगभग 11,868 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। इस साल कुल मिलाकर 34 कंपनियों ने आईपीओ के जरिए करीब 26,913 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस साल सितंबर माह में 10 से ज्यादा मेनबोर्ड कंपनियों ने शेयर बाजार में एंट्री की। इनमें से केवल ज्यूपिटर लाइफ हॉस्पिटल्स (Jupiter Life Hospitals) और विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया के शेयर अपनी लिस्टिंग डेट पर इश्यू प्राइस की तुलना में 46 प्रतिशत की बढ़त दर्ज कर सके। अन्य कोई 40 प्रतिशत प्रीमियम का मार्क क्रॉस नहीं कर पाया। वहीं SME IPO के मामले में, लिस्टिंग के दिन का एवरेज गेन सितंबर में बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया। एनालिस्ट्स का मानना है कि ओवरऑल मार्केट स्ट्रेंथ और निवेशकों का अच्छा रिस्पॉन्स देखते हुए एसएमई आईपीओ की धूम जारी रहेगी।