JSW Infrastructure के शेयरों में कारोबार के दूसरे दिन 7 प्रतिशत तक का उछाल आया। शेयर 3 अक्टूबर को लिस्ट हुआ था और पिछले दो दिन में यह 119 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले BSE पर 40 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 168.80 रुपये प्रति शेयर के भाव तक पहुंच गया। हालांकि बाद में यह नीचे आ गया। BSE पर 4 अक्टूबर को सुबह शेयर (JSW Infrastructure Stock) बढ़त के साथ 165.50 रुपये पर खुला। देखते ही देखते इसमें पिछले बंद भाव से 7 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई और यह 168.80 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई पर शेयर सुबह 165.10 रुपये पर खुला और दोपहर होते-होते चढ़ता हुआ 168.70 रुपये पर पहुंच गया।
कारोबार खत्म होने पर कंपनी का शेयर बीएसई पर 4.90 प्रतिशत की तेजी के साथ 165 और एनएसई पर 4.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 163.90 रुपये पर बंद हुआ। लिस्टिंग डे की बात करें तो 3 अक्टूबर को शेयर ने अपने इश्यू प्राइस से करीब 20 प्रतिशत की मजबूती के साथ बीएसई पर 143 रुपये के भाव पर एंट्री की। एनएसई पर 142.20 रुपये पर लिस्ट हुआ। दिन के आखिर में शेयर बीएसई और एनएसई पर अपने इश्यू प्राइस से करीब 32 प्रतिशत के गेन के साथ 157.30 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।
JSW Infrastructure का 2800 करोड़ रुपये का IPO 25-27 सितंबर तक खुला था और यह 37.37 गुना सब्सक्राइब हुआ था। प्राइस बैंड 113-119 रुपये प्रति शेयर था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की इश्यू में ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 57.09 गुना सब्सक्राइब हुआ। हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स के लिए रिजर्व हिस्सा 15.99 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 10.32 गुना सब्सक्राइब हुआ।
JSW Infrastructure की सर्विसेज में कार्गो सर्विसेज, स्टोरेज सॉल्यूशंस, लॉजिस्टिक्स सर्विसेज आदि शामिल हैं। यह लंबी अवधि के लिए पोर्ट कंसेशंस के तहत पोर्ट टर्मिनल्स का विकास और संचालन करती है। हाल ही में मूडीज ने JSW Infra की कॉरपोरेट फैमिली रेटिंग और सीनियर सिक्योर्ड बॉन्ड रेटिंग को Ba2 से अपग्रेड करके Ba1 कर दिया है, जिससे आउटलुक पॉजिटिव से स्टेबल हो गया है। JSW इंफ्रास्ट्रक्चर, JSW समूह की तीसरी कंपनी है जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई है। समूह की अन्य लिस्टेड कंपनियां JSW एनर्जी और JSW स्टील हैं।