Emcure Pharma IPO: अब तक 68 गुना सब्सक्राइब, आखिरी दिन QIB ने जमकर लगाए पैसे
Emcure Pharma IPO Subscription Status: एमक्योर फार्मा की भारत, यूरोप और कनाडा में मजबूत उपस्थिति है। कंपनी IPO में नए शेयरों को जारी कर जुटाई गई रकम में से 600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए IPO में 1,08,900 इक्विटी शेयरों को रिजर्व रखा है। प्राइस बैंड 960-1008 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 10 जुलाई को होगी।
Emcure Pharma IPO: रिएलिटी शो 'शार्क-टैक इंडिया' में जज के तौर पर दिख चुकीं नमिता थापर की कंपनी एमक्योर फार्मास्युटिकल्स (Emcure Pharmaceuticals) के पब्लिक इश्यू का आज 5 जुलाई को आखिरी दिन है। यह IPO शाम 4 बजे तक 67.76 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 191.24 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 49.23 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.18 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
IPO 3 जुलाई को खुला था और ओपनिंग से पहले 2 जुलाई को कंपनी ने इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से 582.6 करोड़ रुपये जुटाए। 5 जुलाई को IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 10 जुलाई को होगी।
ग्रे मार्केट से क्या संकेत
investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में एमक्योर फार्मा के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 1008 रुपये से 345 रुपये या 34.23 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग 1353 रुपये के भाव पर हो सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर, स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
क्या है प्राइस बैंड और लॉट साइज
Emcure Pharma IPO के लिए प्राइस बैंड 960-1008 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 14 शेयरों का है। कंपनी 1,952.03 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। IPO में 800 करोड़ रुपये के 79 लाख नए शेयर जारी किए जा रहे हैं। वहीं 1,152.03 करोड़ रुपये के करीब 1.14 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) है।
OFS में प्रमोटर सतीश रमनलाल मेहता, सुनील रजनीकांत मेहता, नमिता विकास थापर और समित सतीश मेहता शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। इनके अलावा पुष्पा रजनीकांत मेहता, भावना सतीश मेहता, कामिनी सुनील मेहता, बीसी इन्वेस्टमेंट्स IV, अरुणकुमार पुरुषोत्तमलाल खन्ना, बर्जिस मीनू देसाई और सोनाली संजय मेहता भी ऑफर-फॉर-सेल में अपने शेयर बेचेंगे।
इश्यू के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, जे.पी. मॉर्गन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जेफरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार, लिंक इंटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है।
Emcure Pharma IPO का रिजर्व हिस्सा
एमक्योर फार्मा ने अपने कर्मचारियों के लिए IPO में 1,08,900 इक्विटी शेयरों को रिजर्व रखा है। कर्मचारियों को शेयर, फाइनल इश्यू प्राइस से कुछ डिस्काउंट पर दिए जाएंगे। इसके अलावा IPO का आधा हिस्सा यानि 50 प्रतिशत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व रखा गया है।
कैसे होगा IPO के पैसों का इस्तेमाल
एमक्योर फार्मा की भारत, यूरोप और कनाडा में मजबूत उपस्थिति है। कंपनी IPO में नए शेयरों को जारी कर जुटाई गई रकम में से 600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। मार्च 2024 के अंत तक इसकी बैलेंस-शीट में 2,091.9 करोड़ रुपये का कर्ज था। बाकी राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
एमक्योर फार्मा ने वित्त वर्ष 2024 में अपने कारोबार का करीब 48.28 प्रतिशत भारत से कमाया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2024 में 6 प्रतिशत घटकर 527.6 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका रेवेन्यू 11.2 प्रतिशत बढ़कर 6,658.3 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 4.1 प्रतिशत बढ़कर 1,229.7 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन इस दौरान 1.20 प्रतिशत घटकर 18.5 प्रतिशत रह गया। भारत में एमक्योर फार्मा की अधिकतर चिकित्सीय क्षेत्रों में उपस्थित है। इसमें स्त्री रोग, हृदय रोग, विटामिन, मिनरल्स, न्यूट्रिएंट्स, HIV एंटीवायरल, रक्त संबंधी और ऑन्कोलॉजी/एंटी-नियोप्लास्टिक आद शामिल हैं।