Emcure Pharma IPO: आज 3 जुलाई से खुल रहा है नमिता थापर की कंपनी का इश्यू, ग्रे मार्केट में अभी से भाग रहा शेयर
Emcure Pharma IPO Details: एमक्योर फार्मा ने एक्सचेंजों को सूचित किया कि उसने एंकर निवेशकों को 1,008 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के हिसाब से 57,79,850 इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दे दिया है। अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली सहित प्रमुख वैश्विक निवेशकों ने एंकर बुक से कंपनी के 71 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के शेयर खरीदे
IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 10 जुलाई को होगी।
Emcure Pharma IPO: रिएलिटी शो 'शार्क-टैक इंडिया' में जज के तौर पर दिख चुकीं नमिता थापर की कंपनी एमक्योर फार्मास्युटिकल्स (Emcure Pharmaceuticals) का पब्लिक इश्यू आज 3 जुलाई को खुल रहा है। IPO की ओपनिंग से पहले 2 जुलाई को कंपनी ने इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से 582.6 करोड़ रुपये जुटाए। 5 जुलाई को IPO क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 10 जुलाई को होगी। अनुमान है कि शेयर शानदार प्रीमियम पर लिस्ट हो सकते हैं क्योंकि ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर अभी से भाग रहा है।
investorgain.com के मुताबिक, ग्रे मार्केट में एमक्योर फार्मा के शेयर IPO के अपर प्राइस बैंड 1008 रुपये से 299 रुपये या 29.66 प्रतिशत के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से शेयर की लिस्टिंग 1307 रुपये के भाव पर हो सकती है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर, स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
एंकर बुक में किसने लिया हिस्सा
अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, गोल्डमैन सैक्स और मॉर्गन स्टेनली सहित प्रमुख वैश्विक निवेशकों ने एंकर बुक से कंपनी के 71 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के शेयर खरीदे। इसके अलावा, एसबीआई, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, व्हाइटओक कैपिटल, आदित्य बिड़ला सन लाइफ ट्रस्टी, एक्सिस, कोटक, निप्पॉन लाइफ इंडिया, मिराए, फ्रैंकलिन इंडिया, यूटीआई, कैनरा रोबेको और मोतीलाल ओसवाल सहित कई म्यूचुअल फंड हाउस ने भी एंकर बुक में हिस्सा लिया।
एमक्योर फार्मा ने एक्सचेंजों को सूचित किया कि उसने एंकर निवेशकों को 1,008 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के हिसाब से 57,79,850 इक्विटी शेयरों के आवंटन को अंतिम रूप दे दिया है। एंकर निवेशकों को आवंटित 57,79,850 इक्विटी शेयरों में से 28,15,962 शेयर, कुल 29 योजनाओं के माध्यम से 16 घरेलू म्यूचुअल फंडों को आवंटित किए गए।
अन्य के अलावा, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, अमुंडी फंड्स, न्यूबर्गर बर्मन एमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी फंड, द प्रूडेंशियल एश्योरेंस कंपनी, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने भी एमक्योर फार्मा में निवेश किया।
Emcure Pharma IPO के लिए प्राइस बैंड 960-1008 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। लॉट साइज 14 शेयरों का है। कंपनी 1,952.03 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। IPO में 800 करोड़ रुपये के 79 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं 1,152.03 करोड़ रुपये के करीब 1.14 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा।
OFS में प्रमोटर सतीश रमनलाल मेहता, सुनील रजनीकांत मेहता, नमिता विकास थापर और समित सतीश मेहता शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। इनके अलावा पुष्पा रजनीकांत मेहता, भावना सतीश मेहता, कामिनी सुनील मेहता, बीसी इन्वेस्टमेंट्स IV, अरुणकुमार पुरुषोत्तमलाल खन्ना, बर्जिस मीनू देसाई और सोनाली संजय मेहता भी ऑफर-फॉर-सेल में अपने शेयर बेचेंगे।
इश्यू के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, जे.पी. मॉर्गन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और जेफरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार, लिंक इंटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड है।
Emcure Pharma IPO का रिजर्व हिस्सा
एमक्योर फार्मा ने अपने कर्मचारियों के लिए IPO में 1,08,900 इक्विटी शेयरों को रिजर्व रखा है। कर्मचारियों को शेयर, फाइनल इश्यू प्राइस से कुछ डिस्काउंट पर दिए जाएंगे। इसके अलावा IPO का आधा हिस्सा यानि 50 प्रतिशत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए रिजर्व रखा गया है।
एमक्योर फार्मा की भारत, यूरोप और कनाडा में मजबूत उपस्थिति है। कंपनी IPO में नए शेयरों को जारी कर जुटाई गई रकम में से 600 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर्ज चुकाने में करेगी। मार्च 2024 के अंत तक इसकी बैलेंस-शीट में 2,091.9 करोड़ रुपये का कर्ज था। बाकी राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कंपनी की वित्तीय स्थिति
एमक्योर फार्मा ने वित्त वर्ष 2024 में अपने कारोबार का करीब 48.28 प्रतिशत भारत से कमाया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2024 में 6 प्रतिशत घटकर 527.6 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका रेवेन्यू 11.2 प्रतिशत बढ़कर 6,658.3 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेटिंग प्रॉफिट (EBITDA) 4.1 प्रतिशत बढ़कर 1,229.7 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन इस दौरान 1.20 प्रतिशत घटकर 18.5 प्रतिशत रह गया। भारत में एमक्योर फार्मा की अधिकतर चिकित्सीय क्षेत्रों में उपस्थित है। इसमें स्त्री रोग, हृदय रोग, विटामिन, मिनरल्स, न्यूट्रिएंट्स, HIV एंटीवायरल, रक्त संबंधी और ऑन्कोलॉजी/एंटी-नियोप्लास्टिक आद शामिल हैं।