Emmforce Autotech IPO Listing: एम्मफोर्स ऑटोटेक के शेयरों ने 30 अप्रैल को स्टॉक एक्सचेंजों पर धमाकेदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर BSE के SME प्लेटफॉर्म पर 186.20 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए, जो इसके 98 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 90 प्रतिशत अधिक है। इसका मतलब है कि निवेशकों को इस IPO से पहले ही दिन करीब 90 प्रतिशत का मुनाफा मिला है। हालांकि यह लिस्टिंग ग्रे मार्केट के अनुमानों से कमजोर रही। लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में एम्मफोर्स ऑटोटेक के शेयर करीब 132 फीसदी प्रीमियम के साथ कारोबार कर रहे थे। बता दें कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं है कि ग्रे मार्केट का अनुमान सही साबित हो।
एम्मफोर्स ऑटोटेक का आईपीओ 23 से 25 अप्रैल के बीच बोली के लिए खुला था और 364.37 गुना का भारी सब्सक्रिप्शन मिला था। कंपनी को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से मिली, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों को 862 गुना अधिक सब्सक्राइब किया। वहीं रिटेल निवेशकों ने आरक्षित हिस्से का 267.62 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने 160.58 गुना सब्सक्राइब किया।
इश्यू के लिए कंपनी ने 93-98 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा था। इसके तहत 54.99 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए गए। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं हुई।
कंपनी ने बताया कि वह IPO से मिली राशि का इस्तेमाल अपनी सब्सिडियरी फर्म, एम्मफोर्स मोबिलिटी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (EMSPL) में निवेश करने, वर्किंग कैपिटल को मजबूत करने और टर्म लोन के लिए जरूरी मार्जिन को पूरा करने में करेगी। इसके अलावा कंपनी वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने और दूसरे सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों में IPO राशि का इस्तेमाल करेगी।
क्या करती है Emmforce Autotech?
Emmforce Autotech मुख्य रूप से 4-व्हील ड्राइव और परफॉर्मेंस रेसिंग व्हीकल के लिए डिफरेंशियल हाउसिंग, डिफरेंशियल लॉकर, डिफरेंशियल कवर, 4WD लॉकिंग हब, स्पिंडल, एक्सल और शाफ्ट, गियर शिफ्टर्स, योक, डिफरेंशियल स्पूल और डिफरेंशियल टूल्स जैसे ऑटोमोटिव ड्राइवट्रेन पार्ट्स बनाती है।