Five Star Business Finance IPO: कंपनी ने ग्रे मार्केट से 10.6% नीचे रखा प्राइस बैंड, क्या निवेशकों को मिलेगा कमाई का मौका?

Five Star Business Finance IPO: फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस लिमिटेड ने अपने IPO के लिए 450-474 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है, जो ग्रे मार्केट में चल रहे भाव से काफी कम है

अपडेटेड Nov 03, 2022 पर 5:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Five Star Business Finance का IPO बोली के लिए 9 नवंबर खुलेगा

Five Star Business Finance IPO: फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस लिमिटेड ने अपने IPO का प्राइस बैंड (Price Band) अनलिस्टेड मार्केट में चल रहे भाव से नीचे तय करके निवेशकों को हैरान कर दिया है। इस नॉन-बैंकिंग फाइनेंस ने अपने इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के लिए 450-474 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। हालांकि अनलिस्टेड या ग्रे मार्केट (Grey Market) में इसके शेयर इस समय 525-530 रुपये प्रति शेयर के भाव पर कारोबार कर रहे हैं। इस तरह कंपनी ने अपना प्राइस बैंड, अनलिस्टेड मार्केट (Unlisted Market) में चल रहे मौजूदा भाव से करीब 10.5 फीसदी कम रखा है।

फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयरों का भाव पिछले साल अक्टूबर में 730 रुपये के अपने शिखर पर पहुंच गया था और तब से अब तक इसमें करीब 35 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।

Five Star Business Finance का IPO 9 नवंबर को खुलेगा

बता दें कि Five Star Business Finance का IPO बोली के लिए 9 नवंबर खुलेगा और 11 नवंबर को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए IPO 7 नवंबर को खुलेगा। यह IPO पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) होगा। इसका मतलब है कि कंपनी अपने IPO के तहत कोई नए शेयर नहीं जारी करेगी, बल्कि सभी शेयरों को कंपनी के प्रमोटरों और मौजूदा शेयरहोल्डरों की तरफ से बिक्री के लिए रखा जाएगा।


यह भी पढ़ें- Adani Wilmar के सितंबर नतीजे से निवेशकों का मूड खराब, शेयरों में 2% से अधिक गिरावट

Five Star Business Finance IPO: ग्रे मार्केट में शेयर का प्रदर्शन

unlistedarena.com के को-फाउंडर मनन दोषी ने बताया, "फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस, दक्षिण भारत की एक प्रमुख नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है। यह एक यूनिकॉर्न है, जिसमें कई दिग्गज निवेशकों ने निवेश किया हुआ है। अनलिस्टेड मार्केट में इसके शेयर 360 रुपये 725 रुपये तक के बीच में कारोबार किए हैं। इंडस्ट्री के स्तर पर तमाम चिंताओं के बावजूद इस कंपनी ने लगातार शानदार वित्तीय नतीजे दिए हैं, जिसके चलते अनलिस्टेड मार्केट में निवेशकों की दिलचस्पी इसमें बनी हुई थी। हालांकि लिस्टेड और अनलिस्टेड दोनों मार्केट में आई गिरावट के चलते पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव करीब 35 फीसदी गिरा है।"

Five Star Business Finance IPO: कैसा है वैल्यूएशन?

दोषी ने बताया, "कंपनी ने अपने IPO का वैल्यूएशन वित्त वर्ष 2023 की अनुमानित आय के 25 P/E और P/BV के 3.8 गुना पर लगाया है, जो इसकी प्रतिद्वंदी कंपनियों के मुकाबले कम है। IPO मार्केट में धीरे धीरे फिर से तेजी आ रही है। यह देखते हुए इस IPO का वैल्यूएशन काफी बाजिब है, निवेशकों को यहां कुछ लाभ का मौका मिल सकता है। इसलिए इसे अच्छी प्रतिक्रिया भी मिल रही है।"

इन कंपनियों ने भी प्राइस बैंड को ग्रे मार्केट के भाव से कम रखा था

फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस, इकलौती कंपनी नही हैं, जिसने अपने प्राइस बैंड को अनलिस्टेड मार्केट में चल रहे भाव से कम रखा है। इससे पहले AGS ट्रांजैक्ट टेक्नोलॉजी, UTI एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड और PB फिनटेक ने भी अपने प्राइस बैंड को ग्रे मार्केट में चल रहे भाव से कम रखा था।

यह भी पढ़ें- Buzzing Stocks: जानिए क्यों भाग रहे इस सरकारी कंपनी के शेयर, 4 महीने में 93% की आई तेजी, तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड

Five Star Business Finance IPO: अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीख

फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस अपने शेयरों का अलॉटमेंट 16 नवंबर को करेगी। IPO में बोली लगाने वाले जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके पैसे 17 नवंबर तक खाते में वापस आ जाएंगे। वहीं जिन निवेशकों को शेयर मिलेंगे, उनके डीमैट खाते में शेयर 18 नवंबर से क्रेडिट होना शुरू होंगे। फाइव स्टार बिजनेस फाइनेंस के शेयर 21 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होंगे।

कंपनी के बारे में

Five Star Business Finance की स्थापना 1984 में हुई थी। यह माइक्रो-आंत्रप्रेन्योर्स और स्व-रोजगार करने वाले व्यक्तियों को सिक्योर्ड बिजनेस लोन मुहैया कराती है। 30 जून, 2022 तक की जानकारी के मुताबिक, इस NBFC कंपनी के पास 311 शाखाओं का एक मजबूत नेटवर्क है, जो करीब 8 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 150 जिलो में फैला हुआ है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में खासतौर से इसकी मजबूत उपस्थिति है।

कंपनी की वित्तीय सेहत

Five Star Business Finance का जून तिमाही में रेवेन्यू बढ़कर 337.97 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 300.52 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में बढ़कर 139.43 करोड़ रुपये रहा था, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 101.57 करोड़ रुपये था। कंपनी का ग्रॉस टर्म लोन जून तिमाही में 5296.54 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 4577.51 करोड़ था। वहीं कंपनी का डिस्बर्समेंट जून तिमाही में 568.43 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की इसी तिमाही में 333.16 करोड़ था।

डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।