HDB Financial Services IPO: एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड का 12,500 करोड़ रुपये का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) कल यानी बुधवार 25 जून से खुलने जा रहा है। यह देश के नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) सेक्टर के अब तक के सबसे बड़े आईपीओ में से एक है। यह आईपीओ 27 जून, शुक्रवार तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के आईपीओ का प्राइस बैंड 700 से 740 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। एक लॉट में 20 शेयर होंगे और उसके मल्टीपल में ही बोली लगाई जा सकेगी। ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट की कीमत 14,800 रुपये होगी।
HDFC बैंक की इस सहयोगी कंपनी ने अपने IPO से 12,500 करोड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसमें से 2,500 करोड़ रुपये नए शेयर जारी करके जुटाए जाएंगे। वहीं बाकी 10,000 करोड़ रुपये को ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के जरिए जुटाया जाएगा, जिसके जरिए कंपनी के प्रमोटर करीब 13.51 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में उछाल
हालांकि यहां ये बताना जरूरी है कि ग्रे मार्केट में कारोबार का अनुमान हमेशा सही नहीं होता है। मार्केट एक्सपर्ट्स हमेशा ग्रे मार्केट की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेने की सलाह देते हैं।
एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?
सेंट्रल ब्रोकिंग और SBI सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स ने HDB फाइनेंशियल के इस IPO को लेकर पॉजिटिव रुख जताया है। उनके मुताबिक, कंपनी की मजबूत ब्रांड वैल्यू, AAA क्रेडिट रेटिंग, डायवर्सिफाई लोन पोर्टफोलियो और ग्रोथ पोटेंशियल इसे दूसरे NBFC कंपनियों की तुलना में आकर्षक बनाते हैं। भले ही इसका रिटर्न कुछ कम है, लेकिन इसकी मजबूत पैरेंट कंपनी (HDFC बैंक), अच्छी एसेट क्वालिटी और रिटेल-केंद्रित बिजनेस मॉडल इसे निवेश के लिए उपयुक्त बनाते हैं।
₹62,000 करोड़ हो सकती है मार्केट वैल्यू
IPO के बाद कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब ₹62,000 करोड़ रहने की उम्मीद है। HDB फाइनेंशियल सर्विसेज के MD & CEO जी रमेश ने CNBC-TV18 से बातचीत में कहा, "यह IPO कंपनी के सफर में एक अहम पड़ाव है, न कि कोई एग्जिट प्लान। हमारा पूरा फोकस ग्राहकों और स्टेकहोल्डर्स के लिए वैल्यू क्रिएशन पर है।"
कंपनी देशभर में 1,680 शाखाओं के जरिए काम करती है और इसका एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पोर्टफोलियो भी विविध है। इसका मुख्य फोकस रिटेल और SME लेंडिंग पर है। इसके प्रमुख लोन सेगमेंट में व्हीकल फाइनेंस और लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2025 की पहली छमाही में HDB फाइनेंशियल ने ₹1,172.70 करोड़ का नेट प्रॉफिट और ₹7,890.63 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था। पूरे वित्त वर्ष 2024 के लिए कंपनी का नेट प्रॉफिट ₹2,460.84 करोड़ और रेवेन्यू ₹14,171.12 करोड़ रही। यह इश्यू इस साल का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होने जा रहा है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।