Ixigo IPO: ट्रैवल टेक्नोलॉजी फर्म Ixigo की पेरेंट कंपनी Le Travenues Technology का IPO 10 जून को खुलने वाला है। इसमें 12 जून तक पैसा लगाया जा सकेगा। IPO से पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से 333 करोड़ रुपये जुटाए हैं। जिन एंकर निवेशकों को शेयर अलॉट किए गए, उनमें गवर्मेंट ऑफ सिंगापुर, मॉर्गन स्टेनली, व्हाइटओक कैपिटल, बे कैपिटल इंडिया फंड, टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन, बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, SBI म्यूचुअल फंड और HDFC म्यूचुअल फंड शामिल हैं। कंपनी ने 23 फंड हाउस को 93 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 3.58 करोड़ इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं।
IPO के जरिए Ixigo 740.10 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू क्लोज होने के बाद शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 18 जून को हो सकती है। IPO के लिए प्राइस बैंड ₹88 से ₹93 रुपये प्रति शेयर और लॉट साइज 161 शेयर है। Axis Capital Limited, Dam Capital Advisors Ltd और Jm Financial Limited बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं, जबकि Link Intime India Private Ltd रजिस्ट्रार है।
IPO में OFS और नए शेयर दोनों
IPO में 120 करोड़ रुपये के 1.29 करोड़ नए शेयर जारी होंगे और 620.10 करोड़ रुपये के 6.67 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। Ixigo के जो शेयरधारक OFS के जरिए अपने शेयर बेचेंगे, उनमें सैफ पार्टनर्स इंडिया IV, पीक XV पार्टनर्स इनवेस्टमेंट V, आलोक बाजपेयी, रजनीश कुमार, माइक्रोमैक्स इनफॉर्मेटिक्स, प्लासिड होल्डिंग्स, कैटालिस्ट ट्रस्टीशिप और मैडिसन इंडिया कैपिटल HC शामिल हैं। सैफ पार्टनर्स और पीक XV के पास कंपनी की क्रमशः 23.37 प्रतिशत और 15.66 प्रतिशत हिस्सेदारी है और ये दोनों कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक हैं।
Ixigo IPO का रिजर्व हिस्सा
IPO में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। कंपनी को 2007 में लॉन्च किया गया। IPO में नए शेयरों को जारी करके हासिल होने वाली आय का इस्तेमाल कंपनी की वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए, टेक्नोलॉजी और डेटा साइंस में निवेश के लिए, अधिग्रहणों के जरिए इनऑर्गेनिक ग्रोथ को सपोर्ट करने के लिए और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
कंपनी की कुल आय वित्त वर्ष 2023 में बढ़कर 517 करोड़ रुपये हो गई। वित्त वर्ष 2022 में यह 385 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2023 में मुनाफा 23.4 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले के वित्त वर्ष में कंपनी को 21 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। IPO खुलने से पहले ही Ixigo के शेयर ग्रे मार्केट में अपर प्राइस बैंड 93 रुपये से 28 रुपये या 30.11 के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं।