JSW Infrastructure की शेयर बाजार में लिस्टिंग 3 अक्टूबर को होने वाली है। अनुमान है कि कंपनी का शेयर 15-20 प्रतिशत की बढ़त के साथ ओपनिंग कर सकता है। कंपनी के IPO को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और कंपनी की परफॉरमेंस भी पिछले कुछ वित्त वर्षों से अच्छी रही है। शेयर T+2 टाइमलाइन में लिस्ट (JSW Infrastructure Listing) होने वाला है। JSW Infrastructure, T+2 टाइमलाइन में लिस्ट होने वाली दूसरी कंपनी होगी। इससे पहले RR Kabel इस टाइमलाइन में लिस्ट हुई थी। मार्केट रेगुलेटर सेबी ने 1 सितंबर से IPO लॉन्च करने वाली कंपनियों को T+6 की पुरानी टाइमलाइन के बजाय T+3 टाइमलाइन में अपनी मर्जी से लिस्ट होने की छूट दी है। हालांकि 1 दिसंबर से खुलने वाले IPO के लिए इसे अनिवार्य बना दिया गया है।
JSW Infrastructure का 2800 करोड़ रुपये का IPO 25-27 सितंबर तक खुला था और यह 37.37 गुना सब्सक्राइब हुआ था। प्राइस बैंड 113-119 रुपये प्रति शेयर था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स की इश्यू में ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 57.09 गुना सब्सक्राइब हुआ। हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स के लिए रिजर्व हिस्सा 15.99 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 10.32 गुना सब्सक्राइब हुआ।
StoxBox में रिसर्च एनालिस्ट पार्थ शाह ने उम्मीद जताई है कि जेएसडब्ल्यू इन्फ्रा का शेयर 119 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से करीब 20 प्रतिशत प्रीमियम पर डेब्यू कर सकता है। हेम सिक्योरिटीज में सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन ने भी उम्मीद जताई है कि जेएसडब्ल्यू इन्फ्रा का स्टॉक इश्यू प्राइस से 15-20 प्रतिशत प्रीमियम पर लिस्ट हो सकता है। ग्रे मार्केट में इस वक्त शेयर का भाव अपर प्राइस बैंड 119 रुपये से 20 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां लिस्टिंग तक शेयर खरीदे और बेचे जा सकते हैं।
JSW समूह की लिस्ट होने वाली तीसरी कंपनी
JSW इन्फ्रास्ट्रक्चर का इश्यू केवल फ्रेश इक्विटी शेयर बेस्ड था यानि इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं था। इस इश्यू से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी कर्ज को कम करने और क्षमता विस्तार में करेगी। JSW इंफ्रास्ट्रक्चर, JSW समूह की तीसरी कंपनी है जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध होगी। समूह की अन्य लिस्टेड कंपनियां JSW एनर्जी और JSW स्टील हैं। अप्रैल-जून 2023 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यु सालाना आधार पर 7 प्रतिशत बढ़कर 878 करोड़ रुपये हो गया। वहीं शुद्ध मुनाफा 68 प्रतिशत बढ़कर 322 करोड़ रुपये रहा था।