JSW Infra IPO: JSW समूह की कंपनी JSW Infrastructure का IPO 25 सितंबर 2023 को खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड तय हो गया है। कंपनी 113-119 रुपये प्रति शेयर के प्राइस पर पब्लिक इश्यू ओपन करेगी। निवेशकों के पास इसमें पैसा लगाने के लिए 27 सितंबर 2023 तक का मौका होगा। पिछले लगभग 13 सालों में यह JSW ग्रुप का पहला IPO है। JSW Infrastructure के इश्यू से कंपनी की योजना 2800 करोड़ रुपये जुटाने की है। इश्यू केवल फ्रेश इक्विटी शेयर बेस्ड है यानि इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। IPO के लिए कंपनी ने मई 2023 में ड्राफ्ट पेपर सेबी (SEBI) के पास सबमिट किए थे। इश्यू बुक बिल्डिंग प्रॉसेस के माध्यम से लाया जा रहा है। IPO का 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए और 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व रखा गया है।
इस इश्यू से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कंपनी कर्ज को कम करने और क्षमता विस्तार में करेगी। जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर, जेएसडब्ल्यू समूह की तीसरी कंपनी है जो शेयर बाजार में सूचीबद्ध होगी। समूह की अन्य लिस्टेड कंपनियां जेएसडब्ल्यू एनर्जी और जेएसडब्ल्यू स्टील हैं। JM फाइनेंशियल, एक्सिस कैपिटल, क्रेडिट सुइस सिक्योरिटीज, DAM कैपिटल एडवाइजर्स, HSBC सिक्योरिटीज, ICICI सिक्योरिटीज, कोटक महिन्द्रा कैपिटल और SBI कैपिटल आईपीओ के लिए बैंकर्स हैं। वहीं रजिस्ट्रार KFin Technologies है।
अप्रैल-जून 2023 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यु सालाना आधार पर 7 प्रतिशत बढ़कर 878 करोड़ रुपये हो गया। वहीं शुद्ध मुनाफा 68 प्रतिशत बढ़कर 322 करोड़ रुपये रहा था।जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर वित्त वर्ष 2011-23 के दौरान इंस्टॉल्ड कार्गो हैंडलिंग कैपेसिटी और कार्गो वॉल्यूम के मामले में फास्टेस्ट ग्रोइंग बंदरगाह-संबंधित इंफ्रा कंपनी रही थी। वित्त वर्ष 2022-23 में कार्गो हैंडलिंग क्षमता के मामले में यह दूसरी सबसे बड़ी डॉमेस्टिक कमर्शियल पोर्ट ऑपरेटर बनकर उभरी।