Jupiter Hospital IPO: जुपिटर ब्रांड के हॉस्पिटल चेन चलाने वाली जुपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स (Jupiter Life Line Hospitals) का आईपीओ आज खुल गया है। 869.08 करोड़ रुपये का आईपीओ खुलने से पहले यह 39 एंकर निवेशकों से 260.72 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। एंकर निवेशकों को 735 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। अब अगर ग्रे मार्केट की बात करें तो शेयरों की स्थिति पॉजिटिव दिख रही है और यह इश्यू के अपर प्राइस बैंड 218 रुपये यानी 29.66 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर निवेश से जुड़ा फैसला लेना चाहिए।
Jupiter Hospital IPO की डिटेल्स
जुपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स का 869.08 करोड़ रुपये का आईपीओ 8 सितंबर तक खुला रहेगा। इस आईपीओ में 695-735 रुपये के प्राइस बैंड और 20 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे। इश्यू का आधा हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35 फीसदी हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 13 सितंबर को फाइनल होगा। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है। इसके बाद शेयरों की बीएसई और एनएसई पर 18 सितंबर को एंट्री होगी।
Jupiter Life Line Hospitals के बारे में
मुंबई मेट्रोपॉलिटन एरिया (MMR) और देश के पश्चिमी क्षेत्र में मल्टी-स्पेशियलिटी टर्शियरी और क्वार्टनरी हेल्थकेयर के रूप में जुपिटर लाइफ जाना-माना नाम बन चुकी है। 'जुपिटर' ब्रांड के तहत इसके हॉस्पिटलल ठाणे, पुणे और इंदौर में स्थित हैं। मार्च 2023 तक मौजूद आंकड़ों के हिसाब से इसके तीन अस्पतालों में 1,194 बेड की व्यवस्था है। इस हॉस्पिटल में 1306 डॉक्टर्स हैं जिसमें स्पेशलिस्ट्स, फिजिशियन्स और सर्जन शामिल हैं। अब इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष में 2021 में इसे 2.30 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। हालांकि अगले ही वित्त वर्ष 2022 में इसे 51.13 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो अगले ही वित्त वर्ष में बढ़कर 72.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।