Jupiter Hospital IPO: ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स लिमिटेड (Jupiter Life Line Hospitals Limited) की शेयर मार्केट में लिस्टिंग की तारीख तय हो गई है। कंपनी 18 सितंबर 2023 को शेयर बाजार में एंट्री करने वाली है। कंपनी का IPO (Initial Public Offering) 6 सितंबर को खुला था और 8 सितंबर को बंद हुआ था। आखिरी दिन IPO 63.72 गुना सब्सक्राइब हुआ। ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स के पब्लिक इश्यू में 542 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए। इसके अलावा 44.50 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहा। IPO के लिए प्राइस बैंड 695-735 प्रति शेयर था। NSE पर मौजूद डेटा के अनुसार, कंपनी की तरफ से की गई 84,97,169 शेयरों की पेशकश पर 54,14,60,120 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
IPO में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) की बाकी इन्वेस्टर्स के मुकाबले ज्यादा दिलचस्पी देखने को मिली। QIB के लिए रिजर्व हिस्से को 187.32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स की कैटेगरी को 34.75 गुना और रिटेल इंडीविजुअल इन्वेस्टर्स (RII) कैटेगरी को 7.73 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। 18 सितंबर 2023 को स्टॉक की लिस्टिंग एक विशेष प्री-ओपन सेशन में होगी और अनुमान है कि यह अच्छे प्रीमियम के साथ लिस्ट हो सकता है।
अभी चल रहे हैं 3 हॉस्पिटल्स
मार्च 2023 तक के डेटा के मुताबिक, ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स लिमिटेड के वर्तमान में 3 हॉस्पिटल्स हैं। इन हॉस्पिटल्स के साथ यह कंपनी मुंबई मेट्रोपॉलिटन एरिया (एमएमआर) और भारत के पश्चिमी क्षेत्र में प्रमुख मल्टी-स्पेशियलिटी टर्शियरी व क्वाटर्नरी हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स में से एक है। कंपनी का हेडक्वार्टर मुंबई में है। इसके हॉस्पिटल्स की कुल क्षमता 1,194 बिस्तरों की है। इसके अलावा ज्यूपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स महाराष्ट्र के डोंबिवली में एक नया मल्टी-स्पेशियलिटी हॉस्पिटल तैयार कर रही है. इस हॉस्पिटल की क्षमता 500 बिस्तरों की होगी। हॉस्पिटल के कंस्ट्रक्शन का काम अप्रैल 2023 से शुरू हो चुका है।