LIC IPO : सरकार ने अपने स्वामित्व वाली भारतीय जीवन बीमा निगम यानी एलआईसी के IPO के लिए सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के पास संशोधित ड्राफ्ट पेपर (DRHP) जमा कर दिया है। सीएनबीसी टीवी18 ने रविवार, 24 अप्रैल को बताया कि मार्केट रेगुलेटर सोमवार यानी 25 अप्रैल को प्रेलिमिनेरी डॉक्यूमेंट को मंजूरी दे सकता है।
इससे पहले न्यूज एजेंसी पीटीआई ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने IPO के आकार को 5 फीसदी से घटाकर 3.5 फीसदी कर दिया है।
6 लाख करोड़ हो सकती है एलआईसी की मार्केट वैल्यू
रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार अब IPO के जरिये 3.5 फीसदी या लगभग 22 करोड़ शेयर बेचकर 21,000 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे LIC की वैल्यूएशन 6 लाख करोड़ रुपये रह सकती है, जो उसकी 5.4 लाख करोड़ रुपये की एम्बेडेड वैल्यू (embedded value) से 1.1 गुनी है।
अगले हफ्ते जमा होगा फाइनल ड्राफ्ट पेपर
सीएनबीसी टीवी18 के मुताबिक, सरकार के अगले हफ्ते की शुरुआती में फाइनल रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस जमा करने की संभावना है।
यह IPO चालू वित्त वर्ष के डिसइनवेस्टमेंट लक्ष्य में एक अहम योगदान करेगा। सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 65,000 करोड़ रुपये का डिसइनवेस्टमेंट लक्ष्य तय किया है, जो पिछले वित्त वर्ष से 13,531 करोड़ रुपये ज्यादा है।
पहले 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का था प्लान
इस साल फरवरी में, सरकार ने रेगुलेटर को ड्राफ्ट पेपर सौंपे थे। इमें कहा गया था कि सरकार LIC में 31.6 करोड़ शेयर या 5 फीसदी हिस्सेदारी बेचेगी। हालांकि बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते सरकार को आईपीओ को कुछ समय के लिए टालना पड़ा था। एलआईसी के 28 करोड़ पॉलिसीहोल्डर्स हैं और उसके पास 34.3 लाख करोड़ रुपये का फंड है।
रॉयटर्स के मुताबिक, LIC की लिस्टिंग मई के पहले हफ्ते में होने का अनुमान है और इसके प्राइस, इश्यू डेट, रिजर्वेशन और डिस्काउंट की घोषणा 27 अप्रैल को होने का अनुमान है।