Manglam Infra and Engineering IPO: शेयर बाजार में एक और कंपनी की SME रूट के जरिए एंट्री होने जा रही है। मंगलम इंफ्रा एंड इंजीनियरिंग का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आज 24 जुलाई से बोली के लिए खुल गया है। इसके शेयरों के लिए 53 से 56 रुपये का प्राइस बैंड तय किया गया है। कंपनी की योजना अपने IPO से करीब 27.62 करोड़ रुपये जुटाने की है। यह IPO पूरी तरह से नए शेयरों का है, जिसके जरिए 49.32 लाख शेयरों को बिक्री के लिए रखा गया है। मंगलम इंफ्रा एंड इंजीनियरिंग के IPO के लिए 24 से 26 जुलाई 2024 तक बोली लगाई जा सकती है। शेयरों का अलॉटमेंट 29 जुलाई को होने की उम्मीद है। वहीं कंपनी के शेयर NSE के SME प्लेटफॉर्म पर 31 जुलाई को लिस्ट हो सकते हैं।
IPO के लॉट में बोली लगाई जा सकती है। एक लॉट में अधिकतम 2,000 शेयर होंगे। ऐसे में किसी निवेशक को इस IPO में भाग लेने के लिए न्यूनतम 1,12,000 रुपये का निवेश करना होगा। रिटेल निवेशक न्यूनतम और अधिकतम 1 लॉट खरीद सकते हैं। वहीं HNI निवेशक अधिकतम 2 लॉट खरीद सकते हैं।
एंकर निवेशकों से जुटाए 7.40 करोड़
Manglam Infra and Engineering IPO GMP Today
अनलिस्टेड मार्केट में बुधवार 24 जुलाई को मंगलम इंफ्रा एंड इंजीनियरिंग के शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब 10 रुपये के ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) पर कारोबार कर रहे थे। इसका मतलह है ग्रे मार्केट को फिलहाल कंपनी के इसके आईपीओ से 10 रुपये अधिक पर लिस्टिंग की उम्मीद है। हालांकि इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि ग्रे मार्केट, एक अनऑफिशियल प्लेटफॉर्म है, जहां स्टॉक मार्केट में लिस्टिंग से पहले शेयरों का कारोबार होता है। अधिकतर निवेशक लिस्टिंग प्राइस का एक अंदाजा पाने के लिए ग्रे मार्केट पर नजर रखते हैं। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं है कि ग्रे मार्केट का अनुमान सही साबित हो।
यह एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंसी कंपनी है। इसका मुख्य बिजनेस प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सेवाएं मुहैया कराना है। इसमें हाइवे, सड़कों, पुल, सुरंग, बिल्डिंग और अर्बन डेवलपमेंट के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), सुपरविजन एंड क्वालिटी कंट्रोल (SQC), ऑपरेशंस एंड मेंटीनेंस (O&M) आदि मुहैया कराना शामिल है। कंपनी के IPO डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, यह आज की तारीख में विभिन्न राज्य सरकारों को भी सेवाएं मुहैया कराती है। इसमें मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, महाराष्ट्र, असम, राजस्थान, उत्तराखंड और हरियाणा शामिल हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 में इसका शुद्ध मुनाफा 22.06 फीसदी बढ़कर 6.76 करोड़ रुपये रहा था। वहीं इसका रेवेन्यू 16.46 फीसदी बढ़कर 40.5 करोड़ रुपये रहा था।